सारंगढ़। जिले में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने और अफवाहों पर रोक लगाने के उद्देश्य से कलेक्टर पदमिनी भोई साहू ने जिले के सभी पेट्रोल पंप संचालकों की महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर पेट्रोल-डीजल उपलब्ध कराया जाए तथा आम जनता में किसी प्रकार की घबराहट या भ्रम की स्थिति न बनने दी जाए।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी प्रकार के एम्बुलेंस, अस्पतालों के डीजी सेट, फायर ब्रिगेड तथा शासकीय वाहनों को नियमित रूप से ईंधन उपलब्ध कराया जाए। साथ ही सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासकीय वाहनों का मितव्ययिता और आवश्यकता अनुसार उपयोग करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
बैठक में किसान, आम उपभोक्ता और ट्रांसपोर्टरों के वाहनों के लिए भी पेट्रोल-डीजल वितरण की सीमा निर्धारित की गई। कलेक्टर ने कहा कि पेट्रोल पंप संचालक तय सीमा के भीतर ही ईंधन उपलब्ध कराएं, ताकि जिले में पर्याप्त उपलब्धता बनी रहे और किसी प्रकार की कृत्रिम कमी उत्पन्न न हो।
जिला प्रशासन द्वारा निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए सभी डीजल पंपों के दैनिक विक्रय रिकॉर्ड एवं अन्य गतिविधियों की जानकारी संबंधित ओएमसी कंपनियों और खाद्य विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत पेट्रोल पंपों को तत्काल सीसीटीवी एक्सेस उपलब्ध कराना होगा। साथ ही रिफ्यूलर टैंकरों से ईंधन आपूर्ति को पूर्णतः बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अवैध भंडारण और कालाबाजारी पर रोक लगाई जा सके।
कलेक्टर पदमिनी भोई साहू ने स्पष्ट कहा कि पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है और सभी संचालक रोजाना की खपत के अनुसार ही वितरण करें। उन्होंने कहा कि पुराने चिन्हित ग्राहकों द्वारा तय सीमा से अधिक पेट्रोल-डीजल की मांग किए जाने पर भी प्रशासन द्वारा निर्धारित सीमा के भीतर ही ईंधन उपलब्ध कराया जाए।
जिला प्रशासन द्वारा वाहनों की श्रेणी के अनुसार पेट्रोल-डीजल की अधिकतम मात्रा तय की गई है। इसके तहत ट्रेलर को 100 लीटर, 18 चक्का वाहन को 80 लीटर, 12 से 16 चक्का वाहन को 60 लीटर, 6 चक्का वाहन को 40 लीटर, एसयूवी कार को 20 लीटर तथा कृषि कार्य में उपयोग होने वाले ट्रैक्टर एवं हार्वेस्टर को 50 लीटर तक ईंधन उपलब्ध कराया जाएगा।
कलेक्टर ने पेट्रोल पंप संचालकों से आम उपभोक्ताओं को भी जागरूक करने की अपील करते हुए कहा कि लोग अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकता अनुसार ही पेट्रोल-डीजल की खरीदी करें, ताकि जिले में व्यवस्था सामान्य बनी रहे।

- सारंगढ़ बिलाईगढ़ : शराब पीकर स्कूल आने वाले, नेटवर्क मार्केटिंग में लिप्त और दबंगई करने वाले 3 शिक्षक सस्पेंड…कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के कड़े निर्देश पर डीईओ जे.आर. डहरिया की गाज..1 प्रधान पाठक पर विभागीय जांच की अनुशंसा..लापरवाह शिक्षकों में मचा हड़कंप.. - July 30, 2026
- हसौद में कथित अवैध शराब कारोबार पर बढ़ा आक्रोश, निष्पक्ष जांच की उठी मांग… - July 30, 2026
- सारंगढ़:किस्त जमा फिर भी मोबाइल लॉक? ग्राहकों ने लगाए गंभीर आरोप… - July 30, 2026




