सारंगढ़। भीषण गर्मी और तेज तपिश के बीच अभामा महिला सम्मेलन ने मानवता और गौ सेवा का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है। प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती उमा छापरिया के निर्देश एवं सारंगढ़ शाखा अध्यक्ष श्रीमती मधु केजरीवाल के मार्गदर्शन में शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर गौ माता एवं अन्य पशु-पक्षियों के लिए पानी पीने हेतु कोटना रखवाए गए।
गर्मी के लगातार बढ़ते प्रकोप को देखते हुए संस्था की महिलाओं ने यह सराहनीय पहल की, ताकि सड़कों पर घूमने वाले मूक पशुओं को पानी के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े। शहर के प्रमुख स्थानों पर पानी की व्यवस्था कर संस्था ने समाज को सेवा और संवेदनशीलता का संदेश दिया है।
शाखा अध्यक्ष श्रीमती मधु केजरीवाल ने बताया कि वर्तमान समय में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिसके कारण पशु-पक्षियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए अभामा महिला सम्मेलन की महिलाओं ने सामूहिक रूप से यह सेवा कार्य शुरू किया है। उन्होंने कहा कि गौ सेवा भारतीय संस्कृति और मानवीय मूल्यों का महत्वपूर्ण हिस्सा है तथा ऐसे कार्य समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं।
इस पहल को नगरवासियों ने भी खूब सराहा और इसे मानवता, सेवा एवं जीवों के प्रति करुणा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। संस्था की महिलाओं ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे भी अपने घरों, दुकानों एवं प्रतिष्ठानों के बाहर पानी की व्यवस्था करें, ताकि गर्मी में पशु-पक्षियों को राहत मिल सके।
इस सेवा कार्य में सम्मेलन की श्रीमती शीला अग्रवाल, श्रीमती बबीता केडिया, श्रीमती शिखा अग्रवाल एवं दीक्षा केडिया सहित अनेक महिलाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। वहीं समाजसेवी घनश्याम बंसल का योगदान भी विशेष रूप से सराहनीय रहा।
अभामा महिला सम्मेलन की यह पहल न केवल गौ सेवा का संदेश दे रही है, बल्कि समाज में संवेदनशीलता और जीवों के प्रति दया भाव को भी मजबूत कर रही है।


