सारंगढ़। जिला कलेक्टर पदमिनी भोई साहू ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की महत्वपूर्ण बैठक में जिला स्तरीय अधिकारियों को शासन की योजनाओं और जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के लिए सख्त निर्देश दिए। बैठक में मुख्यमंत्री जनदर्शन, जनशिकायत, ई-समाधान और कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की विस्तार से समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने जिले में संचालित अवैध ईंट भट्ठों, शासकीय भूमि पर अवैध कब्जों तथा अवैध निर्माण कार्यों पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने सारंगढ़ के झरियापारा एवं शताब्दी कॉम्प्लेक्स में नागरिकों के लिए मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु सीएमओ को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा। साथ ही स्वेच्छानुदान से संबंधित लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने पर जोर दिया।
बैठक में अग्निशमन विभाग के नवीन फायर स्टेशन हेतु भूमि आवंटन का मामला भी प्रमुखता से उठा, जिस पर कलेक्टर ने तहसीलदार को शीघ्र भूमि चिन्हांकन एवं आवंटन प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना के संबंध में कलेक्टर ने जिले के सभी जनपद सीईओ को स्पष्ट निर्देश दिए कि केवल हितग्राहियों के स्वामित्व वाली भूमि पर ही आवास निर्माण कराया जाए तथा शासकीय अथवा अवैध कब्जे वाली भूमि पर किसी भी प्रकार का निर्माण न हो।
सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त लगभग 6 हजार आवेदनों में से 5930 आवेदनों की ऑनलाइन एंट्री एवं निराकरण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने आगामी 10 जून तक आयोजित होने वाले शिविरों में सभी जिला स्तरीय अधिकारियों की सुबह 11 बजे से अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा अनुपस्थित पाए जाने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
कलेक्टर ने शिविर स्थलों पर बड़े पंडाल, सुव्यवस्थित आवेदन पंजीयन व्यवस्था तथा अनिवार्य रूप से पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में जनगणना कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने जनगणना कर्मियों को नागरिकों से शालीन व्यवहार करने तथा विवाद की स्थिति में तत्काल निराकरण करने हेतु तहसीलदारों एवं सीएमओ को जिम्मेदारी सौंपी।
टीबी मुक्त भारत अभियान 2.0 के तहत जिले में टीबी मरीजों की सहायता के लिए कलेक्टर ने समाजसेवियों से “निक्षय मित्र” बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण सामाजिक अभियान है, जिसमें समाज की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
जिले में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने बुधवार को विभिन्न निर्माण स्थलों के निरीक्षण की रूपरेखा तैयार की। इसमें नवीन जिला संयुक्त कार्यालय, जिला अस्पताल, सीएमएचओ कार्यालय, एसडीएम एवं तहसील कार्यालय तथा आदिवासी छात्रावास के जीर्णोद्धार कार्य शामिल हैं। साथ ही पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों की लोकार्पण सूची जिला पंचायत सीईओ को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में पीएम आवास ग्रामीण एवं शहरी, स्वनिधि योजना, आंगनबाड़ी निर्माण, महतारी वंदन योजना में ई-केवाईसी, विभिन्न विकास प्राधिकरणों के कार्य, सांसद आदर्श ग्राम योजना तथा धरती आबा अभियान के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा संचालित अमृत मिशन 2.0, जल आवर्धन योजनाओं, समूह जल प्रदाय योजना तथा हर घर जल मिशन की प्रगति पर चर्चा करते हुए कलेक्टर ने बरसात से पहले सभी नल कनेक्शन कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा बैठक में जाति प्रमाण पत्र, ई-डिस्ट्रिक्ट सेवाएं, पीएम किसान सम्मान निधि ई-केवाईसी, एग्रीस्टेक पंजीयन, फौती नामांतरण, खाद वितरण एवं भंडारण, मृदा परीक्षण, बीज भंडारण, वैकल्पिक फसल प्रोत्साहन, पीएम आशा योजना, पीडीएस राशन व्यवस्था, पेंशन वितरण, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, नवीन विद्युत उपकेंद्र हेतु भूमि आवंटन और सभी विभागों में ई-ऑफिस व्यवस्था लागू करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तृत समीक्षा की गई।

- सारंगढ़:तिरंगे से सजे 100 ट्रैक्टर, किसानों ने निकाली भव्य यात्रा… - August 12, 2026
- 112 की तत्परता से बची युवक की जान, जहर सेवन के बाद कराया अस्पताल में भर्ती… - August 12, 2026
- खराब खाद्य पदार्थ बेचने वालों पर होगी कार्रवाई, शिकायत के लिए हेल्पलाइन जारी… - August 12, 2026




