सारंगढ़। जिला पंचायत सीईओ बर्मन के निर्देश एवं जनपद पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी राधेश्याम के आदेश पर ग्राम पंचायत भोथली में वीबी-जी रैमजी के सामाजिक अंकेक्षण कार्य का आयोजन किया गया। अंकेक्षण दल ने योजनाओं एवं विकास कार्यों की जमीनी स्थिति का निरीक्षण कर अभिलेखों का परीक्षण किया। इस दौरान कार्यस्थल पर ही ग्राम सभा आयोजित कर ग्रामीणों की उपस्थिति में विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई।
सामाजिक अंकेक्षण के दौरान समस्त अभिलेख एवं कार्य संतोषजनक पाए गए। अंकेक्षण दल ने मेटों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी आवश्यक पंजियों का संधारण व्यवस्थित रूप से करें तथा रिकॉर्ड पूर्ण रूप से अद्यतन रखें, ताकि योजनाओं में पारदर्शिता बनी रहे।
प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा में कुल 302 आवासों में से 232 आवास पूर्ण, 67 प्रगतिरत एवं 3 आवास अप्रारंभ पाए गए। अधिकारियों ने अपूर्ण एवं अप्रारंभ आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए, ताकि हितग्राहियों को समय पर योजना का लाभ मिल सके।
अंकेक्षण दल में कुलदीप खड़िया, पवन पटेल, ओमप्रकाश पटेल एवं घनश्याम निषाद शामिल रहे। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत भोथली की सरपंच सुकृता कोसले, सचिव अजय पटेल, तकनीकी सहायक नवल किशोर पटेल, रोजगार सहायक, गांव के गणमान्य नागरिक तथा भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष बृहस्पति लाल यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

