सारंगढ़। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने जिला मुख्यालय सारंगढ़ में निर्माणाधीन कलेक्टोरेट संयुक्त जिला कार्यालय (कंपोजिट बिल्डिंग) एवं जिला अस्पताल भवन निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण कर अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रगति और ड्राइंग डिजाइन के अनुरूप हो रहे कार्यों का बारीकी से अवलोकन किया तथा समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने निर्माण स्थल पर मौजूद अधिकारियों से टेबल पर विस्तृत जानकारी लेते हुए पूछा कि विभिन्न विभागों के लिए तैयार किए जा रहे कक्षों एवं अन्य सुविधाओं का निर्माण किस स्तर तक पहुंचा है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से अब तक भेजे गए स्टीमेट, उसकी स्वीकृति, उपलब्ध बजट तथा उच्च अधिकारियों से प्राप्त निर्देशों की जानकारी ली। साथ ही कुछ आवश्यक तकनीकी सुधार एवं व्यवस्थाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने भवन के भूतल एवं प्रथम तल का अवलोकन किया। उन्होंने मीटिंग हॉल, वेटिंग हॉल, शौचालय सहित अन्य कक्षों की स्थिति देखी। इस दौरान निर्माण स्थल पर श्रमिक प्लास्टर, वायरिंग, फॉल सीलिंग एवं अन्य कार्यों में जुटे हुए थे। कलेक्टर ने कार्यों की गति बनाए रखने और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने की हिदायत दी।
उन्होंने जिला पंचायत कार्यालय निर्माण स्थल का भी निरीक्षण किया, जहां नींव स्तर का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। कलेक्टर ने अधिकारियों को आगामी कार्यों की रूपरेखा तय कर तेजी से निर्माण आगे बढ़ाने के निर्देश दिए ताकि आम जनता को जल्द आधुनिक सुविधाओं से युक्त कार्यालय भवन उपलब्ध हो सके।
निरीक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग पी.एल. पैकरा, जिला पंचायत सीईओ इंद्रजीत बर्मन, एसडीएम वर्षा बंसल, डिप्टी कलेक्टर उमेश साहू, तहसीलदार नंदकिशोर सिन्हा, एसडीओ पटेल, खुशीराम नायक सहित संबंधित अधिकारी, ठेकेदार एवं निर्माण एजेंसी के कर्मचारी उपस्थित रहे।

