सारंगढ़। जिला मुख्यालय स्थित जगदंबा परिसर में आयोजित भावभीने विदाई समारोह में कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे को अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नम आंखों से विदाई दी। समारोह का माहौल उस समय भावुक हो उठा जब जिला प्रशासन, वन विभाग और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनके कार्यकाल को याद करते हुए उन्हें जिले का संवेदनशील और विकासोन्मुख प्रशासक बताया।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जैसे नवगठित और राजनीतिक दृष्टि से चुनौतीपूर्ण जिले में डॉ. कन्नौजे का कार्यकाल प्रशासनिक मजबूती, समन्वय और विकास कार्यों के लिए विशेष रूप से याद किया जाएगा। भाजपा, कांग्रेस और बसपा जैसे प्रमुख दलों के प्रभाव वाले इस जिले में उन्होंने संतुलित प्रशासनिक कार्यशैली के साथ जनता का विश्वास जीतने का कार्य किया।
डॉ. कन्नौजे के कार्यकाल में जिले के सुदूर ग्रामीण इलाकों तक प्रशासन की पहुंच बढ़ी। सीमित संसाधनों और अनेक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने विकास योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए। उनकी कार्यशैली में संवेदनशीलता और टीम भावना स्पष्ट रूप से दिखाई देती रही, जिसका प्रभाव जिले के प्रशासनिक वातावरण में भी देखने को मिला।
विदाई समारोह में अधिकारियों ने कहा कि डॉ. कन्नौजे ने केवल प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन नहीं किया, बल्कि हर परिस्थिति में मानवीय संवेदनाओं को प्राथमिकता दी। यही कारण रहा कि वे अधिकारी-कर्मचारियों के साथ-साथ आम जनता के बीच भी लोकप्रिय रहे।
अपने संबोधन में डॉ. संजय कन्नौजे ने सारंगढ़ में बिताए समय को अपने जीवन का “स्वर्णिम काल” बताया। उन्होंने जिले की उपलब्धियों का श्रेय समस्त अधिकारी-कर्मचारियों और मैदानी अमले की टीम भावना एवं मेहनत को दिया। उन्होंने कहा कि सारंगढ़ की जनता से उन्हें जो स्नेह और सहयोग मिला, वही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है।
डॉ. कन्नौजे ने नवपदस्थ कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के प्रति विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि जिन विकास कार्यों को वे अधूरा छोड़कर जा रहे हैं, उन्हें नई कलेक्टर पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाएंगी। वहीं नवपदस्थ कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने कहा कि डॉ. कन्नौजे द्वारा प्रारंभ किए गए विकास कार्यों को पूर्ण करना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी होगी।
समारोह के दौरान संयुक्त कलेक्टर ऋचा शर्मा, एसडीएम वर्षा बंसल, डिप्टी कलेक्टर शिक्षा शर्मा, तहसीलदार सिन्हा, जनपद पंचायत सीईओ राधेश्याम नायक सहित जिला स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी एवं विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में सम्मान, आत्मीयता और भावनात्मक जुड़ाव का वातावरण देखने को

