सारंगढ़ बिलाईगढ़, 12 मई 2026। जिले की कलेक्टर पदमिनी भोई साहू ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सारंगढ़ में संचालित विभिन्न शाखाओं और कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयों में लंबित कार्यों, फाइलों की स्थिति एवं नागरिकों को दी जा रही सेवाओं की विस्तार से जानकारी ली। कलेक्टर के निरीक्षण से अधिकारियों एवं कर्मचारियों में पूरे समय सक्रियता और सजगता का माहौल बना रहा।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अधीक्षक शाखा, आवक-जावक शाखा, भू-अर्जन शाखा, न्यायालय शाखा, आरटीआई कक्ष, आधार सेवा केन्द्र, अभिलेख शाखा सहित खाद्य एवं खनिज विभाग के जिला कार्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रत्येक शाखा में पहुंचकर वहां की कार्यप्रणाली, दस्तावेज संधारण एवं नागरिक सुविधाओं की स्थिति का अवलोकन किया।
कलेक्टर पदमिनी भोई साहू ने अधीक्षक शाखा में ऑफलाइन प्राप्त होने वाली फाइलों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक कार्य ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से संचालित किए जाएं, ताकि कार्यों में पारदर्शिता एवं तेजी लाई जा सके। उन्होंने कहा कि डिजिटल व्यवस्था से समय की बचत होगी और फाइलों के निराकरण में अनावश्यक देरी नहीं होगी।
अभिलेख शाखा के निरीक्षण के दौरान उन्होंने रिकॉर्ड लेने पहुंचे नागरिकों से सीधे चर्चा कर यह जाना कि उन्हें कितनी देर से इंतजार करना पड़ रहा है। इस दौरान उन्होंने संबंधित लिपिक को निर्देशित किया कि आम जनता को रिकॉर्ड उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा शीघ्रता से दस्तावेज उपलब्ध कराए जाएं।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सभी विभागों के कर्मचारियों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं जनहितकारी कार्यशैली अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आम नागरिकों को त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।


- काजू के पौधे संग हुआ अभिनंदन: संयुक्त शिक्षक संघ की हरित पहल से प्रभावित हुईं नवपदस्थ कलेक्टर… - May 13, 2026
- शिक्षकों की समस्याओं पर डीईओ से संयुक्त शिक्षक संघ की दो टूक चर्चा, जल्द समाधान का मिला भरोसा… - May 13, 2026
- बड़ी खुशखबरी: अब सारंगढ़ में ही मिलेगा महानगरों जैसा इलाज! सुप्रसिद्ध MD विशेषज्ञ डॉ. श्रिया अग्रवाल गुप्ता अब हर दिन उपलब्ध… - May 13, 2026
