सारंगढ़-बिलाईगढ़, 12 मई 2026। जिला कलेक्ट्रेट में आयोजित कलेक्टर जनदर्शन कार्यक्रम उस समय खास बन गया, जब बिलाईगढ़ ब्लॉक के ग्राम चकरदा निवासी प्रतिभाशाली पेंटर शिवकुमार निराला ने अपनी अनूठी कला का परिचय देते हुए सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले का राजनीतिक एवं भौगोलिक मानचित्र कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू को भेंट किया। उनकी इस अद्वितीय कलाकृति ने कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों और आमजनों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर लिया।
पेंटर शिवकुमार निराला द्वारा तैयार किया गया यह विशेष मानचित्र करीब 3 माह की कठिन मेहनत और सूक्ष्म अध्ययन का परिणाम है। मानचित्र में जिले के गांव, वीरान गांव, प्रमुख डेम, सड़क मार्ग और भौगोलिक संरचनाओं को बेहद बारीकी और स्पष्टता के साथ दर्शाया गया है। कला और जानकारी का ऐसा सुंदर संगम देखकर हर कोई उनकी प्रतिभा की सराहना करता नजर आया।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने मानचित्र का विस्तृत अवलोकन करते हुए शिवकुमार निराला की मेहनत, लगन और कलात्मक सोच की खुलकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक पहल जिले की पहचान और स्थानीय प्रतिभाओं को नई पहचान देने का कार्य करती है।
जनदर्शन कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भी शिवकुमार निराला की कला को सराहा और इसे जिले के लिए गौरव की बात बताया। ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर इतनी उत्कृष्ट कलाकृति तैयार करना युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण माना जा रहा है।




