बरमकेला। जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए कैट जिलाध्यक्ष रतन लाल शर्मा ने जिले के सीएचएमओ डॉ. पुष्पेंद्र कुमार वैष्णव से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने गुलदस्ता भेंट कर शुभकामनाएं दीं और बरमकेला क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं से जुड़ी कई गंभीर समस्याओं एवं जनहित की मांगों को प्रमुखता से उठाया।
मुलाकात के दौरान रतन शर्मा ने बरमकेला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी का मुद्दा उठाते हुए तत्काल पदस्थापना की मांग की। उन्होंने विशेष रूप से महिला चिकित्सक की नियुक्ति पर जोर देते हुए कहा कि क्षेत्र में महिला डॉक्टर नहीं होने से महिलाओं को इलाज के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मजबूरी में उन्हें दूर-दराज के अस्पतालों का रुख करना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती है।
रतन शर्मा ने कहा कि बरमकेला जैसे बड़े क्षेत्र में महिला स्वास्थ्य सुविधाओं का मजबूत होना बेहद जरूरी है। महिला डॉक्टर की नियुक्ति होने से गर्भवती महिलाओं, बुजुर्ग महिलाओं और युवतियों को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार मिल सकेगा।
इसके साथ ही उन्होंने बरमकेला अस्पताल में ब्लड स्टोरेज यूनिट स्थापित करने की भी जोरदार मांग रखी। उन्होंने बताया कि दुर्घटना, प्रसूति और गंभीर मरीजों के समय रक्त की उपलब्धता नहीं होने से मरीजों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। यदि ब्लड स्टोरेज यूनिट की सुविधा शुरू हो जाती है तो बरमकेला सहित आसपास के हजारों लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा और आपातकालीन परिस्थितियों में समय रहते इलाज संभव हो सकेगा।
रतन शर्मा ने सीएचएमओ डॉ. पुष्पेंद्र कुमार वैष्णव से इन मांगों पर सकारात्मक पहल करते हुए शीघ्र कार्रवाई करने का आग्रह किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि स्वास्थ्य विभाग जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए बरमकेला क्षेत्र को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस कदम उठाएगा।
इस अवसर पर कैट के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे और सभी ने क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।



