कोसीर। कोसीर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिघनपुर स्थित मिरौनी बैराज में रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब घूमने पहुंचे एक बुजुर्ग व्यक्ति की अचानक मौत हो गई। घटना के बाद बैराज क्षेत्र में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। कुछ देर के लिए पूरे इलाके में भय और चिंता का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान भरत लाल देवागन (65 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 8 सारंगढ़ के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के मुताबिक बुजुर्ग अचानक बैराज क्षेत्र में गिर पड़े, जिसके बाद वहां मौजूद लोगों ने तत्काल मदद करने की कोशिश की। प्रारंभिक तौर पर मौत की वजह हार्ट अटैक बताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
बताया जा रहा है कि इन दिनों मिरौनी बैराज लोगों के लिए प्रमुख पर्यटन और पिकनिक स्पॉट बना हुआ है, जहां प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन और कोसीर पुलिस पहले से ही लोगों को सतर्क रहने की अपील कर रही थी। हाल ही में बैराज क्षेत्र में डीजे बजाने, हुड़दंग और लापरवाहीपूर्ण गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई थी।
घटना की सूचना मिलते ही कोसीर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है तथा आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
इस दुखद घटना के बाद बैराज क्षेत्र में दहशत और चिंता का माहौल है। प्रशासन ने एक बार फिर लोगों से अपील की है कि पर्यटन स्थलों पर सावधानी बरतें, स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर भीड़भाड़ वाले स्थानों में सतर्क रहें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचें।

- लाइनमैन मन्नू भगत और युवाओं की मेहनत से फर्सवानी में रात में ही लौटी बिजली..पत्रकार की पहल और युवाओं के हौसले से रात में ही सुधरा ट्रांसफार्मर… - June 29, 2026
- सारंगढ़:रातभर चला पुलिस का ऑपरेशन, 61 वारंटी गिरफ्तार… अपराधियों में मचा हड़कंप… - June 29, 2026
- टीआई पुरेंद्र मल्होत्रा की सतर्कता लाई रंग, 15 लाख की चोरी गई जेसीबी बरामद, आरोपी गिरफ्तार… - June 29, 2026


