सारंगढ़: मिरौनी बैराज, जो अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रहा है, पिछले कुछ समय से ‘अराजकता का अड्डा’ बनता जा रहा था। पिकनिक के नाम पर होने वाले हुड़दंग और बढ़ते अपराधों को देखते हुए अब कोसीर पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि अब यहाँ मनोरंजन के नाम पर कानून तोड़ने वालों की जगह बैराज पर नहीं, बल्कि थाने के भीतर होगी।

डरावने हैं आंकड़े-
प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए थे। आधिकारिक सूचना के अनुसार, अब तक इस स्थल पर 01 हत्या (मर्डर) की वारदात हो चुकी है।
02 लोगों की डूबने से मौत हो चुकी है, जो लापरवाही का नतीजा थी। साथ ही 01 हत्या का प्रयास और अनगिनत मारपीट व बलवे के मामले दर्ज किए गए हैं।
इन घटनाओं ने शांत रहने वाले इस पर्यटन स्थल को खौफनाक बना दिया था, जिसके बाद कोसीर थाना पुलिस ने “आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प” के तहत मोर्चा संभाल लिया है।
DJ और शोर-शराबे पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक’-
अक्सर देखा जाता है कि पिकनिक मनाने आने वाले युवक बड़े-बड़े साउंड सिस्टम और DJ लेकर पहुँचते हैं, जिससे न केवल ध्वनि प्रदूषण होता है, बल्कि विवाद की स्थिति भी निर्मित होती है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि अब बैराज क्षेत्र में DJ पूरी तरह प्रतिबंधित है। यदि कोई नियमों का उल्लंघन करता पाया गया, तो पुलिस बिना किसी देरी के DJ सिस्टम को जब्त कर विधिक कार्रवाई करेगी।
शराब और अश्लीलता पर ‘जीरो टॉलरेंस’-
बैराज के आसपास शराब पीना और सार्वजनिक मर्यादाओं का उल्लंघन करना अब भारी पड़ेगा। पुलिस की पेट्रोलिंग टीम अब सादे कपड़ों में भी तैनात रहेगी। शराब पीकर वाहन चलाने और पानी के पास जाने वालों को सीधे हिरासत में लिया जाएगा। प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे मर्यादा में रहकर पिकनिक का आनंद लें।
बच्चों और परिवारों की सुरक्षा प्राथमिकता-
कोसीर थाना प्रभारी ने बताया कि बैराज आने वाले परिवारों और बच्चों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने पर्यटकों के लिए कुछ विशेष निर्देश जारी किए हैं जैसे
गहरे पानी में न नहाएं,बैराज के खतरनाक बहाव और गहराई से दूर रहें।
छोटे बच्चों को पानी के किनारों से दूर रखें और उन पर विशेष ध्यान दें।
किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें।
थाना प्रभारी का संदेश-
“हम चाहते हैं कि लोग मिरौनी बैराज की सुंदरता का आनंद लें, लेकिन अनुशासन के साथ। पर्यटक बनकर आएं, अपराधी बनकर नहीं। कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ हम बेहद सख्त हैं।”

- सारंगढ़:जल जीवन मिशन में बड़ी कार्रवाई: 7 गांवों के ठेकेदारों के ठेके निरस्त… - June 26, 2026
- सारंगढ़:कुपोषण के खिलाफ कलेक्टर का बड़ा अभियान, आंगनबाड़ी पहुंचकर माताओं को दिया सुपोषण का मंत्र… - June 26, 2026
- सारंगढ़:सुशासन तिहार बना जनसेवा का सशक्त माध्यम, 417 जरूरतमंदों को मिला सीधा लाभ… - June 26, 2026


