सारंगढ़। मदर्स डे के पावन अवसर पर अभामा महिला सम्मेलन की सारंगढ़ शाखा द्वारा आशा वृद्ध आश्रम में भावनाओं, सम्मान और सेवा से भरपूर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रदेश अध्यक्ष उमा छपारिया के निर्देश एवं शाखा अध्यक्ष मधु केजरीवाल के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में वृद्धाश्रम की मातृशक्ति के साथ आत्मीय समय बिताकर उन्हें सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को साड़ियां, आम एवं केला वितरित कर उनके प्रति सम्मान और स्नेह प्रकट किया गया। सम्मेलन की महिलाओं ने वृद्ध माताओं के साथ बैठकर उनके जीवन अनुभव सुने, उनसे आत्मीय संवाद किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे आयोजन में भावुकता, अपनापन और मातृत्व की गरिमा का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।
इस अवसर पर मधु केजरीवाल ने कहा कि “मां शब्द अनंत है, जिसे परिभाषित कर पाना हर किसी के लिए कठिन है। मां की ममता और स्नेह जीवन भर संबल प्रदान करता है। उनकी छांव में हर व्यक्ति स्वयं को सुरक्षित महसूस करता है। मां द्वारा दी गई शिक्षा बच्चों के लिए अमूल्य पूंजी होती है।”
वहीं शशीकला अग्रवाल ने कहा कि “धरती पर साक्षात चमत्कार है मां। ममता का अर्थ संसार है मां। अगाध, अटूट और अपार प्रेम की पहचान ही मां है, जो ईश्वर का सबसे सुंदर वरदान है।”
शीला अग्रवाल ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि “एक मां बिना किसी छुट्टी के पूरी जिंदगी परिवार और बच्चों के लिए समर्पित रहती है। दुनिया का कोई सम्मान उसकी सेवाओं की बराबरी नहीं कर सकता।”
कार्यक्रम में बबीता केडिया ने भावुक शब्दों में कहा कि “मां का प्रेम और अपनापन टूटे मन को संभालने वाली वह डोर है, जो हर परिस्थिति में साहस देती है। मां के विशाल व्यक्तित्व को शब्दों में बांधना संभव नहीं।”
शिखा अग्रवाल ने कहा कि “जिस घर में मां की सेवा को कर्तव्य और अनुशासन माना जाता है, वहीं वास्तविक संस्कार जन्म लेते हैं। मां के त्याग और बलिदान पर पूरी लाइब्रेरी लिखी जा सकती है, लेकिन उसकी महिमा फिर भी अधूरी रहेगी।”
कार्यक्रम में मधु केजरीवाल, शशिकला अग्रवाल, शीला अग्रवाल, बबीता केडिया, सुमन केजरीवाल, शिखा अग्रवाल, मधु केडिया एवं दीक्षा केडिया सहित कई महिलाएं उपस्थित रहीं। महिलाओं ने मातृत्व के महत्व पर अपने विचार साझा किए तथा वृद्धजनों के साथ स्नेह और सम्मान के साथ समय बिताया।
कार्यक्रम के अंत में सम्मानित वृद्ध माताओं ने महिलाओं को आशीर्वाद देते हुए साधुवाद ज्ञापित किया। मदर्स डे पर आयोजित यह सेवा और सम्मान का आयोजन सभी के लिए भावनात्मक एवं प्रेरणादायी बन गया।



- “रफ्तार वाले कलेक्टर” के ट्रांसफर से गरमाई राजनीति, अब नई कलेक्टर पर टिकी उम्मीदें… - May 10, 2026
- मदर्स डे पर छलका ममता का सागर : अभामा महिला सम्मेलन ने वृद्धाश्रम की माताओं संग बांटे खुशियों के पल… - May 10, 2026
- सोमनाथ स्वाभिमान पर्व : 1000 वर्षों की सनातन आस्था का भव्य स्मरणोत्सव, सारंगढ़ में होगा लाइव प्रसारण और विशेष पूजा… - May 10, 2026
