सारंगढ़ | जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने और जिले को पूर्णतः “हाइड्रोसील मुक्त” बनाने की दिशा में एक बड़ा और जनहितकारी अभियान शुरू किया जा रहा है। जिले की नवपदस्थ कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र वैष्णव एवं सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल के संयुक्त नेतृत्व में आगामी 18 मई 2026 से जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में हाइड्रोसील (अण्डकोष) के निःशुल्क ऑपरेशन की विशेष सुविधा प्रारंभ की जाएगी।
इस महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य अभियान का उद्देश्य जिले के जरूरतमंद मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना, उन्हें बीमारी से राहत दिलाना और ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस अभियान को व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए विकासखंड स्तर पर विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है।

विकासखंडवार तय हुआ भर्ती एवं ऑपरेशन शेड्यूल

जिले के नागरिकों को बिना परेशानी उपचार उपलब्ध कराने के लिए ब्लॉकवार रोस्टर जारी किया गया है। प्रत्येक शिविर दिवस में अधिकतम 7 मरीजों का ऑपरेशन किया जाएगा। निर्धारित समय-सारणी इस प्रकार रहेगी —
बरमकेला विकासखंड
भर्ती एवं जांच : प्रत्येक सोमवार
ऑपरेशन : प्रत्येक मंगलवार
सारंगढ़ विकासखंड
भर्ती एवं जांच : प्रत्येक बुधवार
ऑपरेशन : प्रत्येक गुरुवार
बिलाईगढ़ विकासखंड
भर्ती एवं जांच : प्रत्येक शुक्रवार
ऑपरेशन : प्रत्येक शनिवार
लाइन लिस्ट के आधार पर होगा मरीजों का चयन
CMHO डॉ. पुष्पेंद्र वैष्णव ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए मितानिनों और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की मदद से गांव-गांव में हाइड्रोसील ग्रसित मरीजों की “लाइन लिस्ट” तैयार की जा रही है। विकासखंडों से प्राप्त सूची के आधार पर ही मरीजों को जिला चिकित्सालय बुलाया जाएगा, ताकि भीड़भाड़ और अनावश्यक असुविधा से बचा जा सके।
निःशुल्क ऑपरेशन के लिए जरूरी दस्तावेज
सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि शासन की इस जनकल्याणकारी योजना का लाभ उठाने के लिए हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। जिन मरीजों के पास आयुष्मान कार्ड नहीं है, वे राशन कार्ड एवं आधार कार्ड की छायाप्रति अनिवार्य रूप से साथ लेकर आएं।
स्वास्थ्य विभाग की अपील — “मौके का लाभ उठाएं, स्वस्थ जीवन अपनाएं”
जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी हाइड्रोसील पीड़ित नागरिकों से अपील की है कि वे इस विशेष अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। यह पहल केवल उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि जिले के हर नागरिक को स्वस्थ, सुरक्षित और बेहतर जीवन उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

- रेड़ा में गूंजे “राधे-श्याम” के जयकारे: रुक्मणी विवाह प्रसंग में भक्ति, उल्लास और श्रद्धा का अद्भुत संगम… - May 9, 2026
- “आखिर इतनी जल्दी क्या थी?” — सारंगढ़ में कलेक्टर ट्रांसफर पर उठे सवाल, जनता बोली: विकास की रफ्तार से घबरा गई व्यवस्था! - May 9, 2026
- “हाइड्रोसील मुक्त” बनेगा सारंगढ़-बिलाईगढ़ : 18 मई से जिला अस्पताल में शुरू होगा निःशुल्क ऑपरेशन अभियान… - May 9, 2026
