सारंगढ़। सुशासन तिहार के अंतर्गत शुक्रवार को सरसीवा क्षेत्र के ग्राम पंचायत झुमका में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी। शिविर में प्रदेश के राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और आवेदन प्राप्ति एवं निराकरण की स्थिति की जानकारी ली।
शिविर में कुल 2310 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 272 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर हितग्राहियों को राहत प्रदान की गई। कार्यक्रम में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय पांडेय, सदस्य शिवकुमारी साहू, दिनेश जांगड़े, भगवंती पटेल, कविता लहरे, सत्ताधारी दल के जिला अध्यक्ष ज्योतिलाल पटेल, सुभाष जालान एवं ग्राम पंचायत झुमका के सरपंच धनंजय साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

“हर पात्र परिवार को मिलेगा प्रधानमंत्री आवास”

शिविर को संबोधित करते हुए मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार जनता की समस्याओं के समाधान और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों का नाम किसी भी स्थिति में नहीं छूटेगा। यह सरकार की प्राथमिकता और जनता से किया गया वादा है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का तय समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
शिविर में योजनाओं का मिला सीधा लाभ
जनसमस्या निवारण शिविर में ग्रामीणों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों में लोगों ने योजनाओं का लाभ लेने हेतु पंजीयन कराया। इस दौरान अतिथियों ने नन्हें बच्चों को अन्नप्राशन कराया तथा गर्भवती महिलाओं को उपहार भेंट किए।
स्वास्थ्य एवं आयुर्वेद विभाग द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। वहीं विभिन्न विभागों की ओर से हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया गया, जिसमें —
आयुष्मान कार्ड वितरण
निक्षय मित्र योजना अंतर्गत फूड बॉक्स वितरण
मत्स्य विभाग द्वारा मछली जाल प्रदान
दिव्यांग प्रमाण पत्र वितरण
पेंशन स्वीकृति
प्रधानमंत्री आवास योजना के पूर्णता एवं स्वीकृति प्रमाण पत्र
स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जाति प्रमाण पत्र
खाद्य विभाग द्वारा राशन कार्ड
राजस्व विभाग द्वारा किसान पुस्तिका एवं बी-1 वितरण
किसानों को मिला अनुदान का लाभ
शिविर में कृषि विभाग द्वारा एक किसान को ट्रैक्टर खरीदी हेतु 2.50 लाख रुपये का अनुदान चेक प्रदान किया गया। वहीं कई किसानों को बोर खनन के लिए 43 हजार रुपये की अनुदान राशि स्वीकृत कर चेक वितरित किए गए।
सुशासन तिहार शिविर में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की सक्रियता से ग्रामीणों में उत्साह दिखाई दिया तथा मौके पर समस्याओं के निराकरण से लोगों ने संतोष व्यक्त किया।
- सारंगढ़:सुशासन तिहार में प्रभारी मंत्री की सख्त समीक्षा, योजनाओं की प्रगति पर अधिकारियों को दिए निर्देश… - May 9, 2026
- सारंगढ़:सुशासन तिहार शिविर में उमड़ा जनसैलाब, मंत्री टंकराम वर्मा बोले — “कोई पात्र हितग्राही आवास योजना से नहीं रहेगा वंचित”… - May 9, 2026
- सारंगढ़:करोड़ों खर्च फिर भी बदहाल आमाघाट पुलिया, मुड़ा तालाब सौंदर्यीकरण पर उठे सवाल… - May 9, 2026
