सारंगढ़। जन स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जिले में सघन जांच एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। “सही दवा, शुद्ध आहार — यही है छत्तीसगढ़ का आधार” थीम के तहत सारंगढ़, कोसीर एवं सालर क्षेत्र में लगातार तीन दिनों तक व्यापक निरीक्षण किया गया। इस दौरान पानी पाउच, पनीर, पोहा एवं धनिया पाउडर के कुल 4 नमूने लेकर जांच हेतु लैब भेजे गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस संयुक्त अभियान में भारत भूषण पटेल, नेमीचंद पटेल, वरुण पटेल सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग की टीम सक्रिय रूप से शामिल रही।
इसी क्रम में सारंगढ़, बरमकेला एवं बिलाईगढ़ ब्लॉक में संचालित 29 पान ठेला, गुमटी, किराना दुकान, होटल एवं रेस्टोरेंट पर कोटपा एक्ट 2003 की धारा 4 एवं 6 के उल्लंघन पर कुल 4050 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई।
चालानी कार्रवाई में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग से नीलिमा, संतोषी राज, सविता रानी, कौशल साहू तथा पुलिस विभाग से कृष्णा साहू एवं गौरीशंकर भारद्वाज उपस्थित रहे।
अभियान के दौरान संचालकों को धूम्रपान निषेध एवं नाबालिगों को तंबाकू उत्पाद नहीं बेचने संबंधी सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर माचिस, लाइटर, ऐश ट्रे जैसी धूम्रपान को बढ़ावा देने वाली वस्तुएं ग्राहकों को उपलब्ध नहीं कराने की समझाइश दी गई।
अधिकारियों ने शिक्षण संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री नहीं करने तथा नाबालिगों को तंबाकू उत्पाद नहीं बेचने के कड़े निर्देश दिए। आम नागरिकों से भी सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान नहीं करने की अपील करते हुए स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

