सारंगढ़। जनपद पंचायत क्षेत्र क्रमांक 07 की सदस्य हेमा विश्वनाथ बसंत ने अपने क्षेत्र की सड़क समस्याओं को लेकर प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी को पत्र लिखकर प्रधानमंत्री सड़क निर्माण एवं जर्जर सड़कों के जीर्णोद्धार की मांग की है।
उन्होंने पत्र के माध्यम से वित्त मंत्री को अवगत कराया कि क्षेत्र के ग्राम सिलयारी से डंगनिया गांव तक प्रधानमंत्री सड़क निर्माण की अत्यंत आवश्यकता है। सड़क नहीं होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बारिश के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।
इसके साथ ही उन्होंने जसरा, बरभठा एवं बड़े गांतुली क्षेत्र को जोड़ने वाली पुरानी सड़क के जीर्णोद्धार की मांग भी उठाई है। यह सड़क बायपास मार्ग से होते हुए जशपुर मेन रोड को जोड़ती है, लेकिन लंबे समय से मरम्मत नहीं होने के कारण सड़क की हालत काफी खराब हो चुकी है।
जनपद सदस्य हेमा बसंत ने अपने आवेदन में बताया कि खराब सड़क के कारण ग्रामीणों, विद्यार्थियों और किसानों को प्रतिदिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने वित्त मंत्री से क्षेत्र की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र सड़क निर्माण एवं जीर्णोद्धार कार्य की स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया है।
ग्रामीणों ने भी सड़क निर्माण की मांग का समर्थन करते हुए उम्मीद जताई है कि जल्द ही क्षेत्र को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी, जिससे आवागमन सुगम होने के साथ विकास को भी गति मिलेगी।

