सारंगढ़-बिलाईगढ़।
जिला मुख्यालय स्थित मंडी प्रांगण रविवार को खुशियों, मंगल गीतों और शहनाइयों की गूंज से सराबोर नजर आया, जब राज्य शासन की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित भव्य सामूहिक विवाह समारोह में 120 जोड़े परिणय सूत्र में बंध गए। पूरे आयोजन में उत्साह, उल्लास और सामाजिक समरसता का अनूठा दृश्य देखने को मिला।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के प्रभारी मंत्री टंक राम वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय एवं जिला भाजपा अध्यक्ष ज्योति पटेल शामिल हुए। अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। जिन परिवारों को बेटियों के विवाह में आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता था, उनके लिए यह योजना सम्मानजनक सहारा बनी है। उन्होंने कहा कि सरकार बेटियों के विवाह की जिम्मेदारी साझा कर समाज में सकारात्मक संदेश दे रही है।

नवदंपत्तियों को मिली आर्थिक सहायता-
समारोह के दौरान अतिथियों द्वारा योजना के तहत नवविवाहित जोड़ों को ₹35 हजार प्रति लाभार्थी की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया। इसके साथ ही नवदंपत्तियों को गृहस्थ जीवन की शुरुआत के लिए आवश्यक उपहार भी दिए गए।
जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं और अनावश्यक खर्चों पर रोक लगाने में सहायक साबित होते हैं।
उत्सव जैसा रहा माहौल-
कार्यक्रम में वर-वधू पक्ष के परिजनों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही। जिला प्रशासन द्वारा विवाह समारोह को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं।
पूरा मंडी प्रांगण उस समय भावुक और आनंदमय माहौल में बदल गया, जब एक साथ 120 जोड़ों ने सात फेरे लेकर अपने नए जीवन की शुरुआत की।
