सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के उप तहसील कोसीर अंतर्गत ग्राम जशपुर से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां महानदी में डूबने से दो सगी मासूम बहनों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार ग्राम जशपुर निवासी संतोष मरार की दो पुत्रियां — 8 वर्षीय चांदनी और 6 वर्षीय करीना — दिनांक 4 मई 2026 को जसपुर मुख्य बस्ती से कछार जसपुर जाने के दौरान महानदी के पानी में डूब गईं। हादसे के बाद दोनों बच्चियों को बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्हें नहीं बचाया जा सका।
घटना के बाद दोनों बच्चियों का पोस्टमार्टम 5 मई 2026 को जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में कराया गया। फिलहाल जिला चिकित्सालय से पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पानी में डूबने से मृत्यु की पुष्टि होने पर राजस्व पुस्तक परिपत्र (आरबीसी) 6-4 के तहत प्रकरण तैयार किया जाएगा।
प्रशासन के अनुसार आपदा राहत मद से मृतक बच्चियों के परिजनों को प्रति व्यक्ति 4 लाख रुपये के हिसाब से कुल 8 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। घटना के बाद गांव में गहरा दुख व्याप्त है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस दुखद हादसे ने एक बार फिर नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था और बच्चों की सतर्कता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से नदी क्षेत्र में सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग भी की है।

- हरी खाद और बीजीए कल्चर से बदलेगी खेती की तस्वीर : संयुक्त संचालक राठौर ने सारंगढ़ कृषि विभाग को दिए बड़े निर्देश… - May 7, 2026
- उर्वरक वितरण पर नहीं कोई रोक : सरकार ने अफवाहों पर लगाया विराम, किसानों से भ्रामक खबरों से बचने की अपील… - May 7, 2026
- सारंगढ़-बिलाईगढ़ को मिली नई कलेक्टर : आईएएस पद्मिनी भोई साहू ने संभाली कमान, प्रशासनिक महकमे में उत्साह…. - May 7, 2026
