सारंगढ़। जिला मुख्यालय के झुमरपाली-भटगांव क्षेत्र में आगामी राम नामी बड़े भजन मेला को लेकर तैयारियां अब तेज हो गई हैं। छग रामनामी राम-राम भजन संस्था के तत्वाधान में प्रस्तावित आयोजन स्थल पर विधिवत पूजा-अर्चना के साथ भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम संपन्न किया गया।
पुष्प वाटिका और खेल मैदान के बीच चयनित स्थल पर रामनामी समुदाय की गुरु माता सेतबाई एवं उनके सहयोगियों ने पूरे विधि-विधान से नींव रखी। इस दौरान भजन-कीर्तन और भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का अद्भुत माहौल देखने को मिला।
जानकारी के अनुसार, इससे पहले नंदेली जैजैपुर में आयोजित राम-राम भजन मेला के दौरान वर्ष 2026-27 के लिए झुमरपाली-भटगांव को आयोजन स्थल के रूप में प्रस्तावित किया गया था। अब भूमि पूजन के साथ इस बड़े आयोजन की औपचारिक शुरुआत कर दी गई है।
कार्यक्रम में नगर पंचायत के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित कई जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर आगामी भजन मेला को भव्य, दिव्य और सफल बनाने का संकल्प लिया।
रामनाम की गूंज के साथ झुमरपाली-भटगांव बनने जा रहा है आस्था और भक्ति का केंद्र, जहां जुटेगा जनसैलाब और बहेगी श्रद्धा की धारा।

