सारंगढ़-बिलाईगढ़, 3 मई 2026। कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे के निर्देश पर जन स्वास्थ्य को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा बड़े स्तर पर सघन जांच अभियान चलाया गया। ‘सही दवा, शुद्ध आहार — यही है छत्तीसगढ़ का आधार’ थीम के तहत शुक्रवार और शनिवार को सारंगढ़ एवं बिलाईगढ़ क्षेत्र में व्यापक निरीक्षण किया गया।
इस अभियान में पुलिस और राजस्व विभाग के संयुक्त दल के साथ अभिहित अधिकारी भारत भूषण पटेल एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी वरुण पटेल सक्रिय रूप से शामिल रहे।
जांच टीम ने लगभग 50 से अधिक छोटे-बड़े ठेले, गुमटी, होटल, गन्ना जूस सेंटर, किराना दुकानों और विशेष रूप से साप्ताहिक बाजारों का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से चेतावनी दी कि खाद्य पदार्थों में अखबारी कागज का उपयोग, अखाद्य रंगों का प्रयोग तथा निर्धारित मात्रा से अधिक रंग मिलाना सख्त वर्जित है। साथ ही सभी व्यापारियों को खाद्य लाइसेंस अनिवार्य रूप से बनवाने और उसे अपने प्रतिष्ठान में प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि कई स्थानों पर खाद्य लाइसेंस प्रदर्शित नहीं किया गया था, जिस पर संबंधित दुकानदारों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। साथ ही आम नागरिकों को भी जागरूक करते हुए अपील की गई कि वे खाद्य सामग्री खरीदते समय गुणवत्ता की जांच अवश्य करें।
प्रशासन ने यह भी कहा कि यदि किसी प्रकार की खाद्य संबंधी शिकायत सामने आती है, तो तुरंत विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

सख्ती और जागरूकता के इस अभियान से साफ है कि अब सेहत के साथ कोई समझौता नहीं — मिलावटखोरों पर प्रशासन की कड़ी नजर बनी हुई है।


