सारंगढ़। केंद्रीकृत प्राथमिक परीक्षा 2026 का जिला स्तरीय परिणाम घोषित होते ही शासकीय प्राथमिक शाला दहिदा ने शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए पूरे क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना ली है। संकुल केंद्र दहिदा अंतर्गत सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के परिणाम जारी हुए, जिसमें दहिदा स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता का परचम लहराया।
विद्यालय की नवाचारी संस्था प्रमुख प्रियंका गोस्वामी के कुशल नेतृत्व और शिक्षकों की मेहनत का ही परिणाम है कि इस वर्ष स्कूल ने 100 प्रतिशत रिजल्ट हासिल किया। कुल 26 दर्ज विद्यार्थियों में से सभी 26 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए, जो विद्यालय के लिए गर्व का विषय है।

टॉपर्स ने बढ़ाया मान

विद्यालय स्तर पर प्रतिभा भारती (पिता – श्याम भारती) ने 93% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं नम्रता खूंटे और जयंत यादव ने 92.50% अंकों के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया। प्रिया साहू ने 90.50% अंक अर्जित कर तृतीय स्थान हासिल करते हुए विद्यालय, परिवार और ग्राम दहिदा का नाम रोशन किया।
ग्रेड में भी शानदार उपलब्धि
परिणामों में गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान देखने को मिला। कुल 26 विद्यार्थियों में से 3 ने A+ ग्रेड, 20 विद्यार्थियों ने A ग्रेड और 3 विद्यार्थियों ने B+ ग्रेड प्राप्त कर उत्कृष्ट शैक्षणिक स्तर का परिचय दिया।
मेहनत और मार्गदर्शन का परिणाम
संस्था प्रमुख प्रियंका गोस्वामी ने इस सफलता का श्रेय समस्त स्टाफ, शिक्षकों की कड़ी मेहनत और विद्यार्थियों के परिश्रम को दिया। उन्होंने सभी बच्चों को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हुए बधाई दी।
अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने दी शुभकामनाएं
जिला शिक्षा अधिकारी जे.आर. डहरिया एवं बीईओ आर.एल. कोशले ने विद्यार्थियों और शालेय परिवार को बधाई दी। ग्राम सरपंच सहसराम जांगड़े ने छात्रों की सराहना की, वहीं शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष गुहाराम भारद्वाज एवं सदस्यों ने भी खुशी जाहिर की।
संकुल केंद्र दहिदा के प्राचार्य वीरेंद्र अनंत, सीएसी अशोक कुमार खरे सहित शिक्षक असरिता टोप्पो, संजय कुमार मिश्रा, खेमराज पटेल एवं पालकों ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
दहिदा स्कूल की यह सफलता न केवल शिक्षा के क्षेत्र में प्रेरणा है, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गई है।
- रेड़ा भाटापारा में गूंजेगा भक्ति का स्वर: 9 दिवसीय श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ सप्ताह का भव्य शुभारंभ 3 मई से… - May 2, 2026
- सारंगढ़:दहिदा स्कूल का शानदार प्रदर्शन: 100% रिजल्ट के साथ लहराया सफलता का परचम, प्रतिभा भारती बनी टॉपर… - May 2, 2026
- अवैध महुआ शराब पर कड़ी कार्रवाई: गोड़म में दबिश, 24 लीटर कच्ची शराब जब्त—आरोपी गिरफ्तार… - May 2, 2026
