सारंगढ़। शासन-प्रशासन के कामकाज में पारदर्शिता लाने और शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में ‘सुशासन तिहार 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल के तहत आम जनता की समस्याओं का समाधान अब सीधे उनके गांवों में किया जाएगा।
जिला कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने इस अभियान की शुरुआत का निर्णय लेते हुए बताया कि 1 मई से 10 जून 2026 के बीच पूरे जिले में जनसमस्या निवारण शिविर लगाए जाएंगे, जहां लोगों की शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाएगा।
इस अभियान के सफल संचालन के लिए जिला स्तर पर अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर दी गई है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत सारंगढ़ को नोडल अधिकारी तथा उपसंचालक पंचायत को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं जनपद स्तर पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को नोडल अधिकारी और जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है। क्लस्टर स्तर पर भी अधिकारियों की जिम्मेदारी निर्धारित कर दी गई है।
इसी क्रम में सारंगढ़ जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत उलखर में 5 मई को दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में क्लस्टर स्तरीय शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में जशपुर, मल्दा (अ), दहिदा, अंडोला, पासीद, भद्रा, सिंघनपुर, गंतुली, बरभांठा (ब), तिलाईदादर, सुलोनी, बरदुला, सुंदराभाठा, उलखर, घौठला, भेंडवन, कपिस्दा, छूहीपाली और जसरा सहित कई ग्राम पंचायतों के नागरिक शामिल होंगे।
जानकारी के अनुसार, जनपद पंचायत सारंगढ़ में 10 जून तक कुल 7 स्थानों पर ऐसे शिविर लगाए जाएंगे। इस संबंध में जनपद पंचायत के सीईओ राधेश्याम नायक द्वारा सचिवों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
सीईओ नायक ने बताया कि “सुशासन तिहार” के माध्यम से न केवल आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाएगा, बल्कि योजनाओं की जमीनी हकीकत का मूल्यांकन और प्रशासन व जनता के बीच सीधा संवाद भी स्थापित होगा।
यह पहल जिले में प्रशासनिक जवाबदेही और जनविश्वास को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

- “एक दिन में मिलेगा न्याय!” — 9 मई को लगेगी नेशनल लोक अदालत, मौके पर सुलह से निपटेंगे हजारों मामले… - April 29, 2026
- “गांव-गांव पहुंचेगा प्रशासन, मौके पर होगा समाधान!” — सारंगढ़ में ‘सुशासन तिहार 2026’ का बड़ा ऐलान… - April 29, 2026
- पट्टा मिला… पर नक्शे में नाम गायब! किसान पहुंचे कलेक्टर दरबार, न्याय की लगाई गुहार… - April 29, 2026
