सारंगढ़। छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार जिले में जनस्वास्थ्य को सुरक्षित और मजबूत बनाने के उद्देश्य से 27 अप्रैल से 11 मई तक 15 दिवसीय विशेष जांच अभियान की शुरुआत की गई है। “सही दवा, शुद्ध आहार – यही है छग का आधार” थीम पर आधारित इस महाअभियान का लक्ष्य आम जनता को गुणवत्तापूर्ण दवाइयाँ और मिलावट रहित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।
कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के मार्गदर्शन में इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन, राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों का गठन किया गया है। अलग-अलग प्रकोष्ठ बनाकर पूरे जिले में सघन जांच का कार्य तेज कर दिया गया है।
अभियान के पहले ही दिन खाद्य एवं औषधि विभाग की टीम ने सारंगढ़ के ग्रामीण क्षेत्रों में जोरदार कार्रवाई करते हुए ठेले, गुमटियों, होटलों, कोल्ड ड्रिंक सेंटर और किराना दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई स्थानों पर अखाद्य रंग से बनी जलेबी और कालातीत (एक्सपायर्ड) खाद्य सामग्री पाई गई, जिन्हें तत्काल नष्ट कराया गया।
निरीक्षण के दौरान दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। जिन व्यापारियों के पास खाद्य पंजीयन नहीं पाया गया, उन्हें तुरंत पंजीयन कराने के निर्देश दिए गए।
अभियान के दौरान आम लोगों को भी जागरूक करते हुए अपील की गई कि वे खाद्य पदार्थों का सेवन सोच-समझकर और जांच-परख कर ही करें। साथ ही किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या मिलावट की शिकायत मिलने पर तुरंत विभाग को सूचित करने के लिए कहा गया।
इस व्यापक अभियान से साफ है कि प्रशासन अब मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है और आम जनता के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

- कुत्ते के नाम में ‘भगवान राम’ विकल्प पर बवाल: DEO निलंबित, विभाग में मचा हड़कंप! - April 28, 2026
- शिक्षा के प्रकाश पुंज व्याख्याता शोभाराम पटेल को दी गई भावभीनी विदाई.. - April 28, 2026
- भीषण गर्मी और ‘लू’ हेतु RSM हॉस्पिटल ने जारी की एडवाइजरी.. - April 28, 2026
