सारंगढ़। छोटे से गांव खिचरी के एक होनहार छात्र ने अपनी प्रतिभा से बड़ा मुकाम हासिल कर पूरे जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर दिया। शासकीय प्राथमिक शाला खिचरी के कक्षा 3 के छात्र रोशन निषाद ने वर्ष 2026 की वर्ड पावर चैंपियनशिप छत्तीसगढ़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए मुंबई चयनित हुए।
मुंबई में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर के राज्यों—तेलंगाना, आंध्रप्रदेश, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, मध्यप्रदेश और झारखंड के प्रतिभाशाली बच्चों के बीच प्रतिस्पर्धा करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि थी। इस कठिन मुकाबले में रोशन निषाद ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर छठवां स्थान हासिल किया, जो पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है।
इस उपलब्धि के पीछे उनकी कोच एवं सहायक शिक्षिका सुनीता यादव की अथक मेहनत, समर्पण और जुनून का बड़ा योगदान रहा। उन्होंने ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि से आने वाले इस छात्र को न केवल अंग्रेजी में दक्ष बनाया, बल्कि बड़े मंच पर आत्मविश्वास के साथ खड़े होने की प्रेरणा भी दी।
मुंबई प्रवास रोशन के लिए किसी सपने से कम नहीं था—मेट्रो ट्रेन और वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर, लक्जरी रिसोर्ट में ठहराव और महानगर की झलक ने उसके अनुभव को और समृद्ध किया। यह अवसर उसे नई ऊंचाइयों की ओर प्रेरित करने वाला साबित हुआ।
प्रतियोगिता से पहले रोशन और उनकी टीम ने कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे एवं जिला शिक्षा अधिकारी जे.आर. डहरिया से भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया था। आज उनकी सफलता पूरे जिले के लिए प्रेरणा बन गई है कि ग्रामीण परिवेश का बच्चा भी बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकता है।
लीप फॉरवर्ड निहार शांति पाठशाला फनवाला, मुंबई द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य सरकारी स्कूलों में अंग्रेजी शिक्षा के स्तर को सुधारना है। संस्था के फाउंडर प्रणिल नाइक और छत्तीसगढ़ की कोऑर्डिनेटर रंजना केदार के सहयोग से यह मंच बच्चों के लिए सुनहरा अवसर बनता जा रहा है।
रोशन निषाद की यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि मेहनत, सही मार्गदर्शन और दृढ़ संकल्प से कोई भी सपना सच किया जा सकता है—चाहे शुरुआत किसी छोटे गांव से ही क्यों न हो।


- सारंगढ़:ई-चालान के नाम पर बड़ा साइबर खेल! एक क्लिक में खाली हो सकता है बैंक खाता… - September 14, 2026
- शराब प्रेमियों को बड़ा झटका! सारंगढ़ समेत सभी प्रीमियम शराब दुकानों में कैशलेस बिक्री… - September 14, 2026
- रायगढ़:ट्रांसफर के बाद भी डीईओ ऑफिस में जमे कर्मचारी, युक्तियुक्तकरण पर उठे सवाल… - September 14, 2026
