सारंगढ़। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल, रायपुर द्वारा मंडी बोर्ड उप निरीक्षक भर्ती की लिखित परीक्षा 26 अप्रैल को आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा सुबह 10 बजे से 12:15 बजे तक चलेगी, जिसमें प्रदेश के 16 जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल होंगे।
परीक्षा को लेकर व्यापम ने कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अभ्यर्थियों को अपने प्रवेश पत्र के सभी पेज का प्रिंट आउट साथ लाना अनिवार्य होगा, और ध्यान रखना होगा कि प्रिंट एक ही तरफ किया गया हो, क्योंकि प्रत्येक परीक्षा के लिए व्यापम की प्रति परीक्षा केंद्र में जमा की जाएगी।
परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए वैध पहचान पत्र जरूरी होगा। अभ्यर्थी को आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस या पैन कार्ड जैसे फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य है। बिना मूल पहचान पत्र के किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
व्यापम के निर्देशानुसार, परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 2 घंटे पहले केंद्र पहुंचना होगा ताकि फ्रिस्किंग और पहचान सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जा सके। परीक्षा प्रारंभ होने के 30 मिनट पहले ही केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा, इसके बाद किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा।
ड्रेस कोड को लेकर भी विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आना होगा। काले, गहरे नीले, हरे, जामुनी, मैरून, बैंगनी या चॉकलेटी रंग के कपड़े पहनना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। धार्मिक या सांस्कृतिक पोशाक पहनने वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त जांच के लिए पहले पहुंचना होगा।
इसके अलावा परीक्षा केंद्र में किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे मोबाइल, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर, पर्स, बेल्ट, टोपी, स्कार्फ आदि ले जाना सख्त मना है। अभ्यर्थियों को जूते के स्थान पर चप्पल पहनकर आने की सलाह दी गई है और कान में किसी भी प्रकार के आभूषण पहनने की अनुमति नहीं होगी।
व्यापम ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा में किसी भी प्रकार के अनुचित साधनों का उपयोग करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और संबंधित अभ्यर्थी की परीक्षा निरस्त कर दी जाएगी।

- “लोकतंत्र बचाने की जंग में विपक्ष की बड़ी जीत” — अरुण मालाकार का तीखा हमला - April 25, 2026
- पुलिस का दमदार ऑपरेशन: सेंधमारी करने वाले तीन शातिर चोर गिरफ्तार… - April 25, 2026
- 44°C की तपिश ने तोड़ा रिकॉर्ड: सारंगढ़ में गर्मी का कहर, जनजीवन बेहाल… - April 25, 2026
