सारंगढ़। जिला प्रशासन द्वारा भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा को सहेजने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने प्रेस वार्ता में बताया कि ‘ज्ञान भारतम् राष्ट्रीय पांडुलिपि सर्वेक्षण’ के तहत अब गांव स्तर तक व्यापक अभियान शुरू किया गया है, जिसका उद्देश्य देश की अमूल्य पांडुलिपियों का संरक्षण और दस्तावेजीकरण करना है।
उन्होंने बताया कि यह अभियान केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से भारत की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर—जिसमें ज्ञान, विज्ञान, दर्शन और परंपराएं शामिल हैं—को सुरक्षित रखा जाएगा। इस अभियान में आम नागरिकों की भागीदारी को भी विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि गांव-गांव में छिपी दुर्लभ पांडुलिपियों की पहचान हो सके।
इस योजना के तहत एक विशेष “ज्ञान भारतम् मोबाइल ऐप” विकसित किया गया है, जिसमें पांडुलिपियों की तस्वीरें अपलोड कर उनका डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। इससे न केवल इन धरोहरों का संरक्षण संभव होगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों तक इन्हें सुरक्षित पहुंचाया जा सकेगा।
राज्य स्तर पर इस कार्य को व्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए स्थायी समिति गठन का प्रस्ताव भी रखा गया है। वहीं जिले में इस अभियान को गति देने के लिए जिला स्तरीय समिति का गठन किया गया है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी इंद्रजीत बर्मन को नोडल अधिकारी बनाया गया है, जबकि जनपद स्तर पर संबंधित सीईओ इस जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे।
अभियान की शुरुआत ग्राम माधोपाली से की गई, जहां इसे औपचारिक रूप से लॉन्च किया गया। इस दौरान कलेक्टर ने वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. बिहारी लाल साहू से उनके निवास चांटीपाली में मुलाकात कर पांडुलिपियों के संरक्षण और महत्व पर विस्तृत चर्चा की।
कलेक्टर डॉ. कन्नौजे ने विश्वास जताया कि इस अभियान के माध्यम से गांवों में छिपी अनमोल पांडुलिपियों की पहचान कर उन्हें संरक्षित करने में बड़ी सफलता मिलेगी। यह पहल न केवल सांस्कृतिक धरोहर को बचाने का प्रयास है, बल्कि भारत की ऐतिहासिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का मजबूत माध्यम भी बनेगी।

- “लोकतंत्र बचाने की जंग में विपक्ष की बड़ी जीत” — अरुण मालाकार का तीखा हमला - April 25, 2026
- पुलिस का दमदार ऑपरेशन: सेंधमारी करने वाले तीन शातिर चोर गिरफ्तार… - April 25, 2026
- 44°C की तपिश ने तोड़ा रिकॉर्ड: सारंगढ़ में गर्मी का कहर, जनजीवन बेहाल… - April 25, 2026
