सारंगढ़। छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित जनगणना 2027 को लेकर तैयारियां अब तेज़ी से जमीन पर उतरती नजर आ रही हैं। शासन-प्रशासन द्वारा गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है, ताकि इस बार जनगणना प्रक्रिया को अधिक सटीक, पारदर्शी और सहभागिता आधारित बनाया जा सके।
इसी क्रम में ग्राम पंचायत पंचधार में शुक्रवार को एक कार्यशाला का आयोजन किया गया, जहां सरिया तहसीलदार कोमल प्रसाद साहू ने ग्रामीणों को जनगणना की पूरी प्रक्रिया विस्तार से समझाई। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं आगे आकर स्व-गणना (Self Enumeration) की प्रक्रिया पूरी करें।
कार्यशाला की खास बात यह रही कि मौके पर ही कई ग्रामीणों ने अपने मोबाइल फोन के जरिए स्व-गणना कर प्रक्रिया को पूरा किया। उपस्थित नागरिकों में महेश बारीक ने बताया कि यह प्रक्रिया बेहद सरल है और कुछ आसान स्टेप्स में मोबाइल से पूरी की जा सकती है। वहीं पत्रकार हेमंत पटेल ने भी मौके पर जानकारी भरकर पूरी प्रक्रिया को समझा और अन्य लोगों को भी प्रेरित किया।
इस दौरान पटवारी, सचिव, सरपंच-उप सरपंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने मोबाइल से जानकारी दर्ज कर सबमिट किया। इससे साफ है कि डिजिटल जनगणना को लेकर लोगों में जागरूकता और रुचि तेजी से बढ़ रही है।
जिला प्रशासन की ओर से पहले ही कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे स्वयं स्व-गणना कर जिलेवासियों को प्रेरित कर चुके हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं और सही व पूर्ण जानकारी दर्ज करें, ताकि जनगणना का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
अधिकारियों के अनुसार, इस बार जनगणना को डिजिटल माध्यम से अधिक सरल और पारदर्शी बनाया गया है। पहले चरण के तहत 1 मई से 30 मई 2026 तक मकान सूचीकरण और मकानों की गणना की जाएगी, जबकि 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
इच्छुक नागरिक आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार और मकान की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं। स्व-गणना पूरी करने के बाद प्रत्येक परिवार को एक यूनिक आईडी प्रदान की जाएगी, जिसे सुरक्षित रखना जरूरी होगा, क्योंकि सत्यापन के समय यही आईडी प्रगणक को दिखानी होगी।
यह पहल न केवल तकनीक के माध्यम से जनगणना को आसान बना रही है, बल्कि आमजन की भागीदारी को भी एक नई दिशा दे रही है।

- अवकाश के बाद हॉस्टल लौटा ही नहीं था अश्वनी!..के.पी. स्कूल बंधापाली के पुख्ता रिकॉर्ड्स ने खारिज किए लापरवाही के आरोप…अब जांच के घेरे में अज्ञात कॉल और खरसिया कनेक्शन.. - September 13, 2026
- गांजा तस्करों पर सरिया पुलिस का शिकंजा, थाना प्रभारी की मुस्तैदी से 10.761 किलो गांजा बरामद… - September 13, 2026
- भादी अमावस्या पर दादी के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब… - September 13, 2026
