सारंगढ़ बिलाईगढ़, 14 अप्रैल 2026/
राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना के तहत अब ई-केवाईसी को अनिवार्य किए जाने के बाद ग्रामीण अंचलों में हलचल तेज हो गई है। योजना का लाभ निरंतर मिलता रहे, इसके लिए प्रशासन और स्थानीय टीम पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर चुकी है।
सरिया तहसील अंतर्गत लिप्ती पंचायत के ग्राम विजयपुर में इस अभियान ने रफ्तार पकड़ ली है। यहां व्हीएलई सुदामा प्रधान, रोजगार सहायक संतोष कुमार पटेल और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ललिता निषाद की टीम घर-घर पहुंचकर महिलाओं का ई-केवाईसी कर रही है। टीम की सक्रियता से गांव में एक अलग ही जागरूकता का माहौल बन गया है।

ई-केवाईसी नहीं तो रुक सकती है ₹1000 की सहायता

राज्य सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि जिन महिलाओं का ई-केवाईसी पूरा नहीं होगा, उन्हें मिलने वाली ₹1000 प्रतिमाह की राशि अगली किस्तों में रोक दी जा सकती है। यही वजह है कि प्रशासन लगातार लोगों को समय रहते प्रक्रिया पूरी करने के लिए प्रेरित कर रहा है।
निःशुल्क प्रक्रिया, बस आधार और मोबाइल जरूरी
ग्रामीणों को बताया जा रहा है कि ई-केवाईसी पूरी तरह निःशुल्क है। इसके लिए केवल आधार कार्ड और मोबाइल नंबर की आवश्यकता होती है। कई जगहों पर ऑनलाइन सिस्टम, बायोमेट्रिक सत्यापन और आधार लिंकिंग के माध्यम से तेजी से कार्य किया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र महिला योजना के लाभ से वंचित न रह जाए।
महिलाओं में उत्साह, टीम की मेहनत रंग ला रही
ग्राम विजयपुर में इस अभियान को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। स्थानीय टीम की पहल से अधिक से अधिक महिलाएं आगे आकर अपना ई-केवाईसी करवा रही हैं।
प्रशासन ने भी अपील की है कि सभी हितग्राही अंतिम तिथि से पहले अपनी प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके।
महतारी वंदन योजना के तहत यह अभियान न केवल सरकारी योजनाओं की पारदर्शिता बढ़ा रहा है, बल्कि ग्रामीण महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।
- जनजातीय प्रतिभाओं के लिए सुनहरा अवसर: पद्म पुरस्कार और जनजातीय गरिमा सम्मान 2026 हेतु नामांकन आमंत्रित… - May 31, 2026
- व्यापम ने निकाली दो बड़ी भर्तियां, 12वीं पास युवाओं के लिए सुनहरा अवसर; 8 और 15 जून तक करें आवेदन… - May 31, 2026
- कल पंचायत चुनाव का महासंग्राम: 1 जून को मतदान, मतदान केंद्रों पर ही होगी मतगणना, शराब बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध… - May 31, 2026

