सारंगढ़। बढ़ती गर्मी के साथ बाजार में शीतल पेयों की खपत तेज होते ही खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बरमकेला क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। विभागीय टीम ने विभिन्न दुकानों से कोल्ड ड्रिंक और एनर्जी ड्रिंक्स के 10 से अधिक नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं।
जांच के दौरान माजा, थम्स अप, स्प्राइट, सोडा, जलजीरा, कोका कोला जैसे लोकप्रिय शीतल पेयों के साथ-साथ एनर्जी ड्रिंक्स जैसे रेडबुल एनर्जी ड्रिंक, स्टिंग और हेल आदि के सैंपल लिए गए। इन नमूनों को हरियाणा और कोलकाता स्थित प्रयोगशालाओं में परीक्षण के लिए भेजा गया है।
विभाग के अधिकारियों के अनुसार, गर्मी के मौसम में शीतल पेयों की मांग तेजी से बढ़ जाती है, ऐसे में गुणवत्ता बनाए रखना बेहद जरूरी हो जाता है। इसी उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और मानक अनुरूप पेय पदार्थ उपलब्ध हो सकें।
कार्रवाई के दौरान बर्फ फैक्ट्रियों का भी निरीक्षण किया गया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। इसके अलावा गन्ना जूस सेंटर, फ्रूट जूस ठेले और अन्य दुकानों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त हिदायतें देते हुए नोटिस भी जारी किए गए हैं।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच रिपोर्ट में किसी भी प्रकार की मिलावट या मानक से कम गुणवत्ता पाई जाती है, तो संबंधित दुकानदारों और संस्थानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जांच टीम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नेमीचंद पटेल और खाद्य सुरक्षा अधिकारी वरुण पटेल सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
विभाग का कहना है कि गर्मी के दिनों में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री की आशंका बढ़ जाती है, इसलिए लगातार निरीक्षण और सैंपलिंग अभियान जारी रहेगा।


- सुशासन तिहार शिविर में उमड़ा जनसैलाब, योजनाओं की सौगात से खिले ग्रामीणों के चेहरे… - May 17, 2026
- PBKS vs RCB: क्या डर गई पंजाब किंग्स की टीम? सवालों से बचने के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस में हेड फिजियो को भेजा… - May 17, 2026
- क्या ‘Pati Patni Aur Woh Do’ बॉक्स ऑफिस पर कर पाएगी धमाल? जानें पहले दो दिनों का हाल! - May 17, 2026
