सारंगढ़। जिले के ग्राम दादरपाली (मारोदरहा विश्वासपुर बीट) में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां जंगली सुअर के शिकार के लिए लगाए गए अवैध बिजली करंट ने एक युवक की जान ले ली। इस हादसे ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम मारोदरहा निवासी राजू सिदार (35 वर्ष), पिता कन्हैया की मौत टार तालाब के पास करंट की चपेट में आने से मौके पर ही हो गई। बताया जा रहा है कि अज्ञात लोगों द्वारा जंगली जानवरों के शिकार के उद्देश्य से खेत और तालाब के आसपास अवैध रूप से बिजली के तार बिछाए गए थे।
घटना के समय मृतक को इस खतरनाक जाल की जानकारी नहीं थी। जैसे ही वह उस तार के संपर्क में आया, तेज बिजली करंट लगने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
इस हादसे के बाद पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इस तरह के अवैध शिकार के तरीके न केवल वन्य जीवों के लिए खतरनाक हैं, बल्कि आम लोगों की जान के लिए भी बड़ा खतरा बन चुके हैं।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि अवैध शिकार पर कब लगेगी पूरी तरह रोक, और कब तक निर्दोष लोग इसकी कीमत अपनी जान देकर चुकाते रहेंगे?
- SP का बड़ा प्रशासनिक एक्शन, 13 पुलिसकर्मियों का तबादला…किसे मिली कौन-सी जिम्मेदारी? - September 24, 2026
- एसपी शर्मा के निर्देशन में भटगांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई, महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार… - September 24, 2026
- राजपूत समाज भवन निर्माण का हुआ भूमिपूजन, जनप्रतिनिधियों ने दी शुभकामनाएं… - September 24, 2026
