रायपुर। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। छत्तीसगढ़ के सरकारी कॉलेजों में पढ़ाई और शैक्षणिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए उच्च शिक्षा विभाग ने भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है।

इस भर्ती के लिए प्रस्ताव छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) को भेज दिया गया है और जल्द ही इसका नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा।
इस भर्ती के तहत सहायक प्राध्यापक, ग्रंथपाल और क्रीड़ा अधिकारी के कुल 700 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें सहायक प्राध्यापक के 625 पद, ग्रंथपाल के 50 पद और क्रीड़ा अधिकारी के 25 पद शामिल हैं।
आयोग को भेजा गया प्रस्ताव
उच्च शिक्षा विभाग के अनुसार सभी पदों के लिए राज्य सरकार के नियमों के अनुसार आरक्षण रोस्टर और विषयवार रिक्त पदों की सूची तैयार कर ली गई है। भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए विभाग ने 24 फरवरी 2026 को छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग को पत्र भेजकर पूरी जानकारी उपलब्ध करा दी है।
इन विषयों में होगी सहायक प्राध्यापक भर्ती
सरकारी कॉलेजों में कई विषयों में सहायक प्राध्यापक की भर्ती की जाएगी। इनमें हिंदी, अंग्रेजी और राजनीति शास्त्र के 50-50 पद, अर्थशास्त्र के 25 पद, समाजशास्त्र के 50 पद, इतिहास और भूगोल के 25-25 पद शामिल हैं। इसके अलावा भौतिक शास्त्र, गणित, रसायन शास्त्र, वनस्पति शास्त्र और प्राणी शास्त्र के 50-50 पद, कंप्यूटर एप्लीकेशन के 15 पद, वाणिज्य के 75 पद और विधि के 10 पद पर नियुक्तियां की जाएंगी।

