हो जाएं तैयार! फिर बदलेगा मौसम, आंधी के साथ बारिश की चेतावनी, IMD का इन राज्यों में अलर्ट…
देश के अलग-अलग राज्यों में मार्च के पहले हफ्ते से ही गर्मी ने दस्तक दे दी है। दिल्ली, राजस्थान और गुजरात के कई हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से कहीं अधिक पहुंच गया है।
वहीं, मौसम विभाग ने 14 से 17 मार्च के बीच उत्तर-पश्चिम, हिमालयी और पूर्वोत्तर राज्यों में गरज, आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।
उत्तर-पश्चिम में आंधी
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और चंडीगढ़ में 14 से 16 मार्च के बीच मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इन राज्यों में कई स्थानों पर गरज और हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। इससे तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की उम्मीद है।
हिमालयी राज्यों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों में 12 से 17 मार्च के बीच बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है।
पूर्वोत्तर में भारी बारिश का खतरा
पूर्वोत्तर भारत के राज्यों अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 12 से 17 मार्च के दौरान गरज के साथ बारिश की संभावना है। विशेष रूप से 13 से 15 मार्च के बीच असम और मेघालय के कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में तेज हवाओं की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है।
मध्य और पूर्वी भारत का मौसम
विदर्भ, छत्तीसगढ़, पश्चिम और पूर्वी मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में आने वाले दिनों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन राज्यों में भी गरज के साथ बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।
गुजरात में लू का ऑरेंज अलर्ट
गुजरात के कई जिलों में भीषण गर्मी का असर जारी है। सुरेंद्रनगर और राजकोट में लू को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। दीव में मंगलवार को तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मार्च महीने का अब तक का सबसे अधिक तापमान है। अहमदाबाद, गांधीनगर, वडोदरा और सूरत में भी तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचा।
राजस्थान में भी तेज गर्मी
राजस्थान में मार्च के महीने में तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। बाड़मेर में हाल ही में तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस पहुंचा। मौसम विभाग के अनुसार 14 और 15 मार्च को एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से राज्य के कुछ हिस्सों में आंधी और हल्की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना है।
कश्मीर में बारिश और बर्फबारी
श्रीनगर और आसपास के मैदानी क्षेत्रों में मध्यम बारिश हुई, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों जैसे केरन, माछिल, गुरेज और सोनमर्ग में बर्फबारी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में घाटी में बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर बारिश या हिमपात होने की संभावना जताई है।
