छत्तीसगढ़ में एक दुकान से 75 सिलेंडर जब्त, LPG नहीं मिलने पर इस नंबर पर करें कॉल, प्रशासन ने दिए निर्देश…
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में LPG गैस सिलेंडर की कालाबाजारी करने पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को कलेक्टर के निर्देश के बाद खाद्य विभाग ने कार्रवाई की है। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने घरेलू गैस सिलेंडर की कालाबाजारी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक दुकान से 75 सिलेंडर जब्त किए हैं।
मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है। खाद्य विभाग के अधिकारियों को सूचना मिली थी कि एक दुकान में LPG सिलेंडरों की कालाबाजारी हो रही है। जिसके बाद टीम ने एक दुकान से 75 सिलेंडर जब्त किए हैं।
कलेक्टर ने की बैठक
कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई प्रभावित होने के साथ-साथ घरेलू गैस सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर बिलासपुर कलेक्टर ने गैस वितरक एजेंसी के अधिकारियों और खाद्य विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की थी। बैठक में कलेक्टर ने ब्लैक मार्केट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
बुकिंग के लेकर हो रही हैं मुश्किलें
बुकिंग को लेकर भी उपभोक्ताओं की परेशानियां बढ़ गई हैं। उपभोक्ता भीषण गर्मी में एजेंसियों के चक्कर लगाकर परेशान होते नजर आए। हालांकि शासन और तेल कंपनियां ने दावा किया है कि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए गैस की कोई कमी नहीं है और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
प्रशासन ने जारी किया टोल फ्री नंबर
राज्य में घरेलू एलपीजी गैस और डीजल-पेट्रोल की उपलब्धता की समीक्षा को लेकर नागरिक आपूर्ति-उपभोक्ता संरक्षण विभाग की सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले ने ऑयल कंपनियों के अधिकारियों के साथ बैठक की है। मीटिंग में खाद्य सचिव ने निर्देश दिए हैं कि आपूर्ति सुचारू बनी रहे और किसी भी उपभोक्ता को गैस या ईंधन की कमी का सामना नहीं करना पड़े। गैस की आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों के लिए टोल-फ्री नंबर भी जारी किया गया है। 1800-233-3663 पर कॉल कर आपूर्ति से जुड़ी शिकायतें उपलब्ध करा सकते हैं।
