तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह 2027 में होने वाले वनडे विश्व कप को ध्यान में रखते हुए अगले 18 महीनों में टी20 इंटरनेशनल सीरीज के बजाय 50 ओवर के अधिक मैच खेलने की कोशिश करेंगे।

भारत को अगले साल अक्टूबर-नवंबर तक टी20 के कई द्विपक्षीय टूर्नामेंट के अलावा जापान में होने वाले एशियन गेम्स में भी हिस्सा लेना है। पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक एशियाई खेलों में सूर्यकुमार यादव के भारतीय टीम की कप्तानी करने की संभावना है।

वहीं इस रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि बुमराह कई अन्य अनुभवी भारतीय खिलाड़ियों की तरह 2028 में लॉस एंजिलिस ओलंपिक में खेलने के लिए उत्सुक हैं। इसका आयोजन टी20 फॉर्मेट में होगा। हालांकि उससे पहले वह 2027 विश्व कप तक वनडे फॉर्मेट पर ही विशेष ध्यान देंगे। भारत की विश्व कप तैयारियों की शुरुआत दो महीने लंबेइंडियन प्रीमियर लीगके बाद होगी। आईपीएल में बुमराह मुंबई इंडियंस की पेस बैट्री की अगुवाई करते नजर आएंगे।
आईपीएल के समाप्त होने तक राष्ट्रीय चयन समिति, भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) की सेंटर ऑफ एक्सीलेंस यूनिट और टीम मैनेजमेंट अगले चरण की रणनीति का खाका तैयार करेंगे। इस योजना का सबसे अहम पहलू बुमराह का वर्कलोड मैनेजमेंट होगा। इसी बीच यह माना जा रहा है कि आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के मुकाबलों में बुमराह को खेलना पड़ेगा और उसमें उनको नहीं खेलने का शायद कोई विकल्प नहीं मिलेगा।
बुमराह टी20 इंटरनेशनल से बना सकते हैं दूरी
जसप्रीत बुमराह का वर्कलोड मैनेजमेंट काफी हद तक 2023-2026 के दौर जैसा हो सकता है, जब उन्होंने एक भी एकदिवसीय मैच नहीं खेला था। बुमराह 19 नवंबर 2023 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हुए पिछले वनडे विश्व कप फाइनल के बाद से कुल 42 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं, जिनमें 21 टेस्ट और 21 टी20 अंतरराष्ट्रीय शामिल हैं। अब वनडे विश्व कप से पहले ऐसा ही बुमराह के साथ टी20 में किया जा सकता है और वह टी20 इंटरनेशनल से दूरी बना सकते हैं।
बीसीसीआई के एक सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर ‘पीटीआई’ को बताया, ”भारत के किसी भी वैश्विक अभियान में बुमराह की फिटनेस हमेशा की तरह सबसे अहम रहती है। इसलिए टीम मैनेजमेंट को फॉर्मेट को प्राथमिकता देते हुए बेहद सावधानी बरतनी होगी। वह निश्चित रूप से टेस्ट क्रिकेट खेलेंगे, लेकिन सीमित ओवरों में 50 ओवर के विश्व कप को देखते हुए उनका ध्यान ज्यादा एकदिवसीय मैचों पर रहेगा।”
सूत्र ने आगे कहा, ”इस दौरान करीब 30-35 मैच होंगे और ऐसे में जोखिम नहीं लिया जा सकता।” भारत के पास एकदिवसीय क्रिकेट में तेज गेंदबाजों का बहुत बड़ा पूल नहीं है, लेकिन समझा जाता है कि मेन ग्रुप में बुमराह के साथ मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंहऔर फिट होने पर हर्षित राणा शामिल रहेंगे।
- बंजर भूमि को ‘पुष्प वाटिका’ बनाने वाली शिक्षिकामणिप्रभा त्रिपाठी सेवानिवृत्त..30 वर्षों के सेवाकाल के बाद नम आँखों से दी गई विदाई.. - April 29, 2026
- शिक्षा व्यवस्था को मिलेगी नई धार: मुकेश कुर्रे ने संभाला बरमकेला बीईओ का पदभार..कर्मचारी फेडरेशन ने किया भव्य स्वागत.. - April 29, 2026
- डॉ. पुष्पेंद्र वैष्णव बने सारंगढ़-बिलाईगढ़ के नए CMHOस्वास्थ्य सेवाओं में जगी नई उम्मीद.. - April 29, 2026
