रायगढ़ में रामभक्तों का महासंगम: 27 मार्च को निकलेगी प्रभु श्रीराम की भव्य शोभायात्रा…
रायगढ़। करोड़ों हिंदुओं की आस्था के प्रतीक मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम की जन्मोत्सव परंपरा को लेकर रायगढ़ शहर में इस वर्ष भी भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। आगामी 27 मार्च, शुक्रवार को आयोजित होने वाली इस भव्य श्रीराम शोभायात्रा की तैयारियों को लेकर आज स्थानीय अग्रसेन भवन में सर्व हिंदू समाज की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक श्री राम नवमी आयोजन समिति के तत्वावधान में संपन्न हुई, जिसमें शहर के सैकड़ों रामभक्त और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में शोभायात्रा की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि शोभायात्रा की शुरुआत नटवर स्कूल प्रांगण में विधि-विधान से शस्त्र पूजन के साथ की जाएगी। इसके बाद भव्य शोभायात्रा नटवर स्कूल से प्रारंभ होकर स्टेशन चौक, गांधी प्रतिमा, रामनिवास टाकीज चौक, गोपी टाकीज, मंदिर चौक, सुभाष चौक, हटरी चौक, पैलेस रोड, चांदनी चौक, गांजा चौक, गद्दी चौक, सिटी कोतवाली, हंडी चौक और घड़ी चौक होते हुए रामलीला मैदान पहुंचेगी, जहां शोभायात्रा का समापन किया जाएगा।
समापन स्थल रामलीला मैदान में श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारा और भजन संध्या का आयोजन भी रखा गया है। आयोजन समिति ने बताया कि इस वर्ष शोभायात्रा को और आकर्षक बनाने के लिए अनुशासित एवं सुंदर झांकियों, छोटी-बड़ी टोलियों को रनिंग शील्ड और प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए शहर के प्रतिष्ठित नागरिकों की एक स्वतंत्र निर्णायक समिति बनाई जाएगी, जो झांकियों और टोलियों का मूल्यांकन करेगी।
इस भव्य आयोजन में सर्व हिंदू समाज के 50 से अधिक सामाजिक संगठनों के रामभक्त भाग लेंगे। शोभायात्रा में विभिन्न युवा समितियों और समाजों द्वारा आकर्षक झांकियां, डीजे, ढोल-नगाड़े और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ श्रद्धालु प्रभु श्रीराम के जयघोष के साथ शामिल होंगे।
समिति ने बताया कि शोभायात्रा को भव्य और दिव्य बनाने के लिए यह पहली बैठक आयोजित की गई है। आने वाले दिनों में युवा समितियों, महिला समितियों, वार्ड समितियों, दुर्गा पूजा समितियों तथा विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों की अलग-अलग बैठकें आयोजित कर आयोजन की विस्तृत रणनीति बनाई जाएगी।
श्री राम नवमी आयोजन समिति ने शहर के सभी रामभक्तों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में जुड़कर इस पावन आयोजन को ऐतिहासिक और सफल बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें।
- रायगढ़ में रामभक्तों का महासंगम: 27 मार्च को निकलेगी प्रभु श्रीराम की भव्य शोभायात्रा… - March 10, 2026
- कर्मचारियों की बड़ी जिम्मेदारी: लैलून कुमार भारद्वाज बने छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के प्रदेश संयुक्त सचिव… - March 10, 2026
- कड़ी निगरानी में बोर्ड परीक्षा: डीईओ डहरिया ने सुदूर केंद्रों का किया आकस्मिक निरीक्षण, नकल पर सख्त नजर… - March 10, 2026
