सारंगढ़-बिलाईगढ़। शिक्षा व्यवस्था को झकझोर देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है, जहां एक मासूम छात्र को कथित रूप से डंडे से मारने के आरोप में प्रधान पाठक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामला भटगांव नगर पंचायत स्थित शासकीय प्राथमिक शाला इंदिरा नगर “द” का है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दूसरी कक्षा में पढ़ाई के दौरान छात्र के सिर पर डंडे से वार किए जाने की घटना सामने आई। इस हमले में बच्चे का सिर फट गया और उसकी यूनिफॉर्म खून से भीग गई। घायल छात्र को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन आक्रोशित होकर स्कूल पहुंचे और संबंधित शिक्षक पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
आरोपों के घेरे में आए प्रधान पाठक संजीव कुमार जायसवाल के खिलाफ मामला मीडिया में प्रमुखता से सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने त्वरित संज्ञान लिया। जिला शिक्षा अधिकारी जे.आर. डहरिया ने प्राथमिक जांच के आधार पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
जांच अवधि के दौरान संबंधित शिक्षक को मुख्यालय बिलाईगढ़, विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से संबद्ध किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यात्मक स्थिति के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद स्थानीय नागरिकों और परिजनों ने विभाग की त्वरित कार्रवाई का स्वागत किया है, लेकिन साथ ही निष्पक्ष जांच और दोष सिद्ध होने पर कड़ी सजा की मांग भी उठाई है। शिक्षा विभाग ने दो टूक कहा है कि बच्चों की सुरक्षा और सम्मान से जुड़ी किसी भी प्रकार की लापरवाही या हिंसा को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।

- सारंगढ़ में धार आपार अभियान को रफ्तार, जिला स्तरीय प्रशिक्षण में गुणवत्ता पर जोर.. - September 17, 2026
- सारंगढ़:विश्वकर्मा जन्मोत्सव पर निशा स्टील में भव्य भंडारा, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद… - September 17, 2026
- सारंगढ़:पीएससी विवाद पर कांग्रेस का हमला, बोली—युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बंद करे भाजपा… - September 17, 2026
