गोमर्डा अभ्यारण्य में दंतैल की दहाड़..दहशत में ग्रामीण, वन विभाग ने जारी किया ‘हाई अलर्ट’!
सारंगढ़: सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सुप्रसिद्ध गोमर्डा अभ्यारण्य में एक बार फिर एक विशालकाय दंतैल हाथी के प्रवेश ने वन्य क्षेत्र से लगे गांवों में हड़कंप मचा दिया है। हाथी की मौजूदगी की खबर फैलते ही ग्रामीणों में भारी डर और असुरक्षा का माहौल निर्मित हो गया है।
वन विभाग और हाथी मित्र दल मुस्तैद-
हाथी के आगमन की सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। विभाग की विशेष टीम और हाथी मित्र दल पल-पल की गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए हुए हैं। हाथी किस दिशा में आगे बढ़ रहा है और उसकी वर्तमान स्थिति क्या है, इसकी सतत निगरानी की जा रही है ताकि जान-माल के नुकसान को रोका जा सके।
मुनादी कर ग्रामीणों को दी जा रही चेतावनी-
वन विभाग द्वारा प्रभावित क्षेत्रों और आसपास के गांवों में माइकिंग (मुनादी) के माध्यम से लोगों को लगातार सतर्क किया जा रहा है। विभाग ने ग्रामीणों के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए है।
जंगल प्रवेश पर रोक-ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे किसी भी स्थिति में अकेले या समूह में जंगल की ओर न जाएं।
सुरक्षित दूरी- जंगली हाथी दिखने पर उसके करीब जाने या उसे छेड़ने की कोशिश कतई न करें।
रात्रि कालीन सतर्कता- रात के समय विशेष सावधानी बरतने और घरों के बाहर अनावश्यक न निकलने की हिदायत दी गई है।
दहशत के साये में ग्रामीण-
गोमर्डा अभ्यारण्य से लगे गांवों में हाथी की दस्तक ने लोगों की रातों की नींद उड़ा दी है। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जब तक हाथी सुरक्षित तरीके से रिहाइशी इलाकों से दूर नहीं चला जाता, तब तक निगरानी दल मौके पर तैनात रहेगा। अधिकारियों ने लोगों से संयम बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत वन विभाग को सूचित करने का आग्रह किया है।
- सारंगढ़:स्कूल भवन निर्माण की गुणवत्ता से समझौता नहीं…कलेक्टर के सख्त निर्देश, पीएमश्री स्कूलों की समीक्षा बैठक में चेतावनी… - February 23, 2026
- सारंगढ़:नजूल खसरा में नाम दर्ज कराने का मामला… 5 मार्च तक मांगे गए दावा-आपत्ति…. - February 23, 2026
- नगर पालिका की लापरवाही की भेंट चढ़ा वार्ड-05..जल कर दे रहे रहवासी, फिर भी पानी को तरसे.. - February 23, 2026
