सारंगढ़। पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के नेतृत्व में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान ने जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबारियों की कमर तोड़ दी है। इसी कड़ी में सोमवार को जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत विभिन्न थानों एवं चौकियों से जब्त किए गए भारी मात्रा में अवैध गांजे का विधिवत विनष्टीकरण कर अपराधियों को कड़ा संदेश दिया।
शासन के निर्देशों, माननीय न्यायालय के आदेश तथा गठित जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति की मौजूदगी में कुल 31 प्रकरणों में जब्त 767.911 किलोग्राम अवैध गांजे का सत्यापन कर उसका सुरक्षित तरीके से नष्टीकरण किया गया। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए रायगढ़ स्थित एमपीएस स्टील एंड पावर प्लांट की भट्टी में गांजे को पूरी तरह जलाकर नष्ट किया गया।
विनष्ट किए गए गांजे की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 53 लाख 58 हजार 220 रुपये बताई गई है। यह जिले में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई में से एक मानी जा रही है, जिससे नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त तत्वों में हड़कंप मच गया है।
आंकड़ों के अनुसार, पिछले पांच वर्षों में दर्ज नष्टीकरण प्रकरणों में थाना सरिया सबसे आगे रहा, जहां 9 प्रकरण दर्ज हुए, जबकि थाना बिलाईगढ़ 5 प्रकरणों के साथ दूसरे स्थान पर रहा।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी, खरीद-बिक्री और अवैध कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि एनडीपीएस एक्ट के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस जिले को पूरी तरह नशा मुक्त बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
गांजे के विनष्टीकरण की पूरी प्रक्रिया पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा की निगरानी में संपन्न हुई। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पांडेय, रक्षित निरीक्षक जितेंद्र कुमार चंद्रा तथा सहायक उपनिरीक्षक प्रीतम सिंह राजपूत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। सभी वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए कार्रवाई को पारदर्शी एवं सुरक्षित ढंग से पूरा किया गया।
जिले में लगातार हो रही इस तरह की सख्त कार्रवाइयों से यह स्पष्ट है कि एसपी सुनील शर्मा के नेतृत्व में सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस नशे के कारोबार पर निर्णायक प्रहार कर रही है और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” की नीति पर मजबूती से आगे बढ़ रही है।


- सारंगढ़:जनदर्शन में गूंजीं जनता की समस्याएं, कलेक्टर ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश… - July 28, 2026
- एसपी सुनील शर्मा की सख्ती का बड़ा असर: डेढ़ करोड़ से अधिक कीमत का 768 किलो गांजा भट्टी में जलाकर किया नष्ट… - July 28, 2026
- 5 गायों से बदली किस्मत: आधुनिक डेयरी से हर महीने ₹25 हजार की कमाई.. - July 28, 2026




