वजन घटाने वालों की पहली पसंद बन रही दलिया इडली…
इस डिश की सबसे खास बात है इसमें मौजूद फाइबर, आयरन और कॉम्प्लेक्स कार्ब्स. जब आप इसे खाते हैं तो आपका पेट लंबे समय तक भरा हुआ रहता है और आठ ही आपके डाइजेशन को भी बेहतर रखता है.
जब आप इसे खाते हैं तो आपके शुगर लेवल अचानक से बढ़ता नहीं है. तो चलिए जानते हैं दलिया इडली बनाने की आसान रेसिपी|
दलिया इडली बनाने के लिए जरूरी सामग्री:
1 कप मोटा दलिया
आधा कप सूजी
1 कप दही
1 छोटा कद्दूकस किया हुआ गाजर
2 चम्मच शिमला मिर्च बारीक कटी
1 चम्मच अदरक कद्दूकस
1 हरी मिर्च बारीक कटी
1 चम्मच नमक या स्वादानुसार
आधा चम्मच ईनो या फ्रूट साल्ट
1 चम्मच राई
6 से 7 करी पत्ता
1 चम्मच तेल
दलिया इडली बनाने की रेसिपी:
दलिया इडली बनाने के लिए सबसे पहले दलिया को धोकर 5 से 7 मिनट हल्का उबाल लें. इस बात का ख्याल रखें कि दलिया पूरी तरह गले नहीं, बल्कि यह बस थोड़ा सा नरम हो जाए. इसके बाद पानी छानकर इसे ठंडा होने दें.
अब एक बड़े बाउल में उबला दलिया, सूजी और दही मिलाएं. इसके बाद इसमें नमक, गाजर, शिमला मिर्च, अदरक और हरी मिर्च डालकर अच्छी तरह मिलाएं. अगर जरूरत हो तो थोड़ा पानी डालें. इस बात का खास ख्याल रखें कि बैटर न ज्यादा पतला हो न ज्यादा गाढ़ा. अब इसे 10 से 15 मिनट ढककर रख दें ताकि सूजी फूल जाए.
इसके बाद एक छोटी कढ़ाई में तेल गरम करें और फिर उसमें राई और करी पत्ता डालें. अब तड़का बैटर में मिलाकर मिक्स करें. ऐसा करने से इसका स्वाद दोगुना हो जाता है.
अब इडली स्टैंड को हल्का तेल लगाकर चिकना करें और फिर बैटर में आखिर में ईनो डालकर हल्का मिलाएं और तुरंत मोल्ड में भर दें. इसे मीडियम आंच पर 12 से 15 मिनट स्टीम करें.
इसके बाद इसमें टूथपिक डालकर चेक करें, अगर टूथपिक साफ निकले तो इडली तैयार.
गर्मागर्म दलिया इडली को नारियल चटनी, हरी चटनी या सांभर के साथ परोसें और पूरे परिवार के साथ एक हेल्दी ब्रेकफास्ट एन्जॉय करें|
