सारंगढ़। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के संभावित प्रभाव और अतिवृष्टि की आशंका को देखते हुए सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा फैसला लिया है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 30 अक्टूबर 2026, शुक्रवार को जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी सारंगढ़-बिलाईगढ़ द्वारा 29 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश क्रमांक 2774/अवकाश/2026-27 में बताया गया है कि मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से अतिवृष्टि की संभावना है। खराब मौसम के कारण छात्र-छात्राओं को विद्यालय पहुंचने में होने वाली कठिनाइयों तथा बच्चों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
जारी आदेश के तहत जिले के समस्त शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त प्राथमिक, माध्यमिक, हाई स्कूल तथा हायर सेकेंडरी विद्यालयों में 30 अक्टूबर को अवकाश रहेगा। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है और इसे कलेक्टर सारंगढ़-बिलाईगढ़ की स्वीकृति प्राप्त है।
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने संबंधित अधिकारियों एवं सभी शैक्षणिक संस्थानों के प्रमुखों को आदेश की सूचना देते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। खराब मौसम की आशंका के बीच प्रशासन के इस निर्णय को विद्यार्थियों की सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

- चक्रवात ‘अर्नब’ का असर: सारंगढ़-बिलाईगढ़ में कल सभी स्कूल बंद.. - October 29, 2026
- 14 श्रद्धालु करेंगे अमृतसर-वैष्णो देवी के दर्शन, 2 नवंबर तक आवेदन… - October 29, 2026
- कोसीर में नकली नोटों का खेल बेनकाब, 2 आरोपी गिरफ्तार… - October 29, 2026
