सेमल के पेड़ों पर ‘लकड़ी माफिया’ का कुल्हाड़ा…डोंगरीपाली क्षेत्र में धड़ल्ले से अवैध कटाई, प्रशासन मौन!
सारंगढ़। जिले के डोंगरी पाली क्षेत्र में इन दिनों सेमल पेड़ों की अंधाधुंध अवैध कटाई ने जंगलों की हरियाली पर सीधा हमला बोल दिया है। डोंगरी पाली, कोकबहाल, कदलि सरार, लेध्रजोरी, गिन्डोला, जामदलखा, जीरापाली, पतेरापाली, अमापाली, जोगनीपाली, कालाखुटा, झाल, लीमपाली और बनवास पाली समेत कई गांवों में बड़े पैमाने पर सेमल पेड़ों को काटकर अवैध रूप से भंडारण किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
सैकड़ों ट्रैक्टर लकड़ी की ढुलाई, फिर भी कार्रवाई शून्य-
ग्रामीणों और स्थानीय सूत्रों का दावा है कि सैकड़ों ट्रैक्टरों के जरिए लंबे समय से लकड़ी काटकर कंपनियों तक पहुंचाई जा रही है। हैरानी की बात यह है कि इतने बड़े पैमाने पर चल रहे इस अवैध कारोबार पर जिम्मेदार विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। लगातार हो रही ढुलाई के बावजूद प्रशासनिक चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है।
ग्रामीणों का आरोप: मिलीभगत के बिना संभव नहीं इतना बड़ा खेल-
स्थानीय ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि विभागीय मिलीभगत के बिना इतने व्यापक स्तर पर अवैध कटाई संभव नहीं है। उनका कहना है कि दिन-रात ट्रैक्टरों से लकड़ी का परिवहन खुलेआम हो रहा है, लेकिन संबंधित अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं। इस कथित संरक्षण ने लकड़ी माफिया के हौसले और बुलंद कर दिए हैं।
राजस्व को चपत,
पर्यावरण पर गंभीर संकट-
विशेषज्ञों के अनुसार, इस तरह की अंधाधुंध कटाई से न केवल शासन को भारी राजस्व नुकसान हो रहा है, बल्कि पर्यावरण संतुलन पर भी गंभीर खतरा पैदा हो गया है। सेमल जैसे महत्वपूर्ण वृक्षों की लगातार कटाई से क्षेत्र में हरित आवरण घटने और पारिस्थितिकी तंत्र पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
प्रशासन की परीक्षा: क्या होगी सख्त कार्रवाई?
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि प्रशासन इस गंभीर मामले को कितनी गंभीरता से लेता है। क्या अवैध कटाई में शामिल लोगों पर सख्त और प्रभावी कार्रवाई होगी, या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा? क्षेत्र की जनता की निगाहें अब प्रशासनिक कदमों पर टिकी हैं।
- मार्शल आर्ट्स से आत्मरक्षा की अलख जगा रहे राजेश नायक और विजेंद्र गुड्डू यादव.. - February 13, 2026
- सारंगढ़ सखी वन स्टॉप सेंटर पीड़ित महिलाओं के लिए सुरक्षा और न्याय का ‘सशक्त कवच’,जनपद अध्यक्ष ममता राजीव सिंह ने की सराहना… - February 13, 2026
- सारंगढ़ प्रेसिडेंट कप 2026 फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ - February 13, 2026
