सारंगढ़ :नकली दवा माफिया से ‘सेटिंग’ पड़ी महंगी..रेस्टोरेंट में फाइलें दिखाते रंगे हाथ पकड़े गए एडिशनल ड्रग कंट्रोलर सस्पेंड..सारंगढ़ से है दवा प्रकरण के मुख्य आरोपी का कनेक्शन, पढ़िए पूरी खबर..
सारंगढ़। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य विभाग में उस वक्त बड़ा प्रशासनिक भूचाल आ गया, जब नकली दवाओं के काले कारोबार के आरोपी के साथ ‘गुपचुप’ मुलाकात करते हुए एडिशनल ड्रग कंट्रोलर (ADC) संजय कुमार नेताम का मामला उजागर हुआ। शासन ने इस गंभीर कदाचार पर कड़ा रुख अपनाते हुए नेताम को तत्काल प्रभाव से पद से निलंबित कर दिया है।
कैफे में ‘डील’ और स्टिंग ऑपरेशन का जाल
यह पूरी कार्रवाई एक सनसनीखेज खुलासे के बाद हुई है। बताया जा रहा है कि तत्कालीन सहायक औषधि नियंत्रक संजय कुमार नेताम ने कार्यालयीन समय के दौरान दोपहर करीब 2:30 बजे मोतीबाग स्थित एक निजी कैफे में नकली दवा प्रकरण के मुख्य आरोपी खेमराज बानी (निवासी सारंगढ़) से मुलाकात की थी।
सरकारी फाइलों का खेल: आरोप है कि इस मुलाकात के दौरान अधिकारी द्वारा आरोपी को नकली दवाओं से संबंधित गोपनीय फाइलें दिखाई जा रही थीं।
स्टिंग में कैद हुई सच्चाई: इस पूरी मुलाकात का एक कथित स्टिंग ऑपरेशन भी सामने आया है, जिसने विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी भी घेरे में-
इस बैठक के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी राखी सिंह ठाकुर भी मौके पर मौजूद थीं, जिन्हें भी अन्यत्र भेजे जाने की चर्चा है।
अब नवा रायपुर होगा नया ठिकाना-
राज्य शासन द्वारा जारी आदेश क्रमांक ESTB/4219/2026-HEALTH SECTION-2 के तहत संजय कुमार नेताम को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियम 1966 के उल्लंघन का दोषी मानते हुए निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय कार्यालय नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, नवा रायपुर निर्धारित किया गया है।
शासन की इस कार्रवाई को नकली दवा माफियाओं और उनके मददगार अधिकारियों के खिलाफ एक ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ के रूप में देखा जा रहा है। फिलहाल विभागीय जांच की दिशा और परिणाम पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।
- मार्शल आर्ट्स से आत्मरक्षा की अलख जगा रहे राजेश नायक और विजेंद्र गुड्डू यादव.. - February 13, 2026
- सारंगढ़ सखी वन स्टॉप सेंटर पीड़ित महिलाओं के लिए सुरक्षा और न्याय का ‘सशक्त कवच’,जनपद अध्यक्ष ममता राजीव सिंह ने की सराहना… - February 13, 2026
- सारंगढ़ प्रेसिडेंट कप 2026 फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ - February 13, 2026
