खबर का असर: सारंगढ़ में रेत माफियाओं पर प्रशासनिक ‘सर्जिकल स्ट्राइक’, 10 ट्रैक्टर जब्त…मल्दा से पिहरा तक खनिज विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई..पुलिस थानों में खड़े हुए अवैध परिवहन में लगे वाहन..
सारंगढ़-बिलाईगढ़।
जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन की खबरों को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर डॉ. संजय कनौजे के कड़े रुख और खनि अधिकारी बजरंग पैकरा के नेतृत्व में खनिज अमले ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में छापामार कार्रवाई करते हुए रेत का अवैध परिवहन कर रहे 10 ट्रैक्टरों को जब्त किया है। इस कार्रवाई से रेत के काले कारोबार में संलिप्त माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
कोसीर और सरिया क्षेत्र में घेराबंदी-
खनिज विभाग की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जिले के संवेदनशील इलाकों में दबिश दी।
सारंगढ़ तहसील: ग्राम मल्दा, दहिदा और जसपुर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए कुल 07 ट्रैक्टरों को रंगे हाथों पकड़ा गया। इन वाहनों को तत्काल जब्त कर थाना कोसीर की अभिरक्षा में सौंप दिया गया है।
सरिया तहसील: पिहरा क्षेत्र में रेत के अवैध खेल पर नकेल कसते हुए 03 ट्रैक्टरों को पकड़ा गया, जिन्हें थाना सरिया के सुपुर्द किया गया है।
कठोर धाराओं के तहत शिकंजा-
खनिज विभाग ने यह स्पष्ट कर दिया है कि यह कार्रवाई केवल सांकेतिक नहीं है। जब्त वाहनों पर छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 और खान एवं खनिज विकास अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत कठोर कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। अवैध उत्खनन और परिवहन को रोकने के लिए विभाग अब भारी जुर्माने की तैयारी में है।
निरंतर जारी रहेगा अभियान-
खनि अधिकारी बजरंग पैकरा ने चेतावनी दी है कि जिले में खनिज संपदा की लूट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि:
”अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ यह अभियान थमेगा नहीं। हमारी टीमें लगातार मैदानी स्तर पर निगरानी कर रही हैं और आने वाले दिनों में कुछ और बड़े ठिकानों पर कार्रवाई की जा सकती है।”
आम जनता और पर्यावरण को राहत-
रेत के इस अवैध कारोबार से न केवल राजस्व की हानि हो रही थी, बल्कि नदियों के स्वरूप और सड़कों की स्थिति भी खराब हो रही थी। प्रशासन की इस ‘खबर का असर’ वाली कार्रवाई का स्थानीय ग्रामीणों ने स्वागत किया है।
- बरमकेला में ‘पटाखा’ फोड़ने वाले बाइकर्स की खैर नहीं…एसपी के निर्देश पर पुलिस की सड़कों पर घेराबंदी….तेज आवाज वाले साइलेंसरों से नगरवासी थे त्रस्त..थाना प्रभारी अजीत बैक ने संभाली कमान, 11 वाहनों पर गिरी गाज, कटे भारी चालान… - February 7, 2026
- सारंगढ़ में अवैध शराब माफियाओं पर ‘आनंद’ का प्रहार: भारी मात्रा में महुआ शराब जब्त..आबकारी अधिकारी आनंद वर्मा की टीम ने कटेकोनी में दी दबिश..54 लीटर अवैध शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार. - February 7, 2026
- खबर का असर: सारंगढ़ में रेत माफियाओं पर प्रशासनिक ‘सर्जिकल स्ट्राइक’, 10 ट्रैक्टर जब्त…मल्दा से पिहरा तक खनिज विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई..पुलिस थानों में खड़े हुए अवैध परिवहन में लगे वाहन.. - February 7, 2026
