सारंगढ़। क्षेत्र के किसानों की बहुचर्चित और वर्षों से लंबित प्रमुख मांग गड़ाईन खोलिया बांध को लेकर एक बार फिर उम्मीद जगी है। लंबे समय से अधूरे पड़े इस महत्वपूर्ण सिंचाई परियोजना को पूर्ण कराने के लिए क्षेत्र के सरपंचों एवं किसानों द्वारा मुख्यमंत्री, जिले के प्रभारी मंत्री तथा जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय से लगातार निवेदन किया जा रहा था। इसी क्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष के नेतृत्व में अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की टीम ने बांध स्थल का मैदानी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय, जिला सीईओ, जिला सदस्य, क्षेत्र के सरपंच, जनप्रतिनिधि एवं किसान प्रतिनिधि जंगल के भीतर पैदल चलकर बांध स्थल तक पहुंचे और अधूरे कार्यों की वस्तुस्थिति को नजदीक से देखा। दुर्गम क्षेत्र होने के बावजूद अध्यक्ष द्वारा स्वयं मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करना किसानों के प्रति उनकी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
निरीक्षण के दौरान किसानों एवं सरपंचों ने बताया कि गड़ाईन खोलिया बांध के पूर्ण होने से क्षेत्र के सैकड़ों किसानों को सिंचाई सुविधा मिलेगी, जिससे खेती को स्थायित्व मिलेगा और उत्पादन में वृद्धि होगी। वर्षों से अधूरा कार्य किसानों के लिए चिंता का विषय बना हुआ था।
जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय एवं जिला सीईओ ने मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए आश्वासन दिया कि बांध के शेष अधूरे कार्यों को पूरा कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे तथा इस संबंध में शासन स्तर पर आवश्यक पहल की जाएगी।
इस अवसर पर उपस्थित सरपंचों एवं किसानों ने जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पहली बार किसी जनप्रतिनिधि ने उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए जंगल के भीतर पैदल चलकर स्थल निरीक्षण किया है। इससे किसानों में नई उम्मीद और विश्वास जगा है।
गड़ाईन खोलिया बांध को लेकर की गई यह पहल क्षेत्र में किसान हितैषी नेतृत्व के रूप में संजय भूषण पाण्डेय की सक्रिय भूमिका को रेखांकित करती है और आने वाले समय में बांध का कार्य पूर्ण होने की आशा को मजबूत करती है।


- एसपी के सख्त तेवर, थाना प्रभारी की दमदार कार्रवाई: सारंगढ़ में अवैध शराब माफिया पर बड़ा प्रहार… - May 1, 2026
- सारंगढ़ जिला चिकित्सालय में 1000 डायलिसिस सत्र सफल..मरीजों के लिए वरदान बनी नि:शुल्क सेवा.. - May 1, 2026
- “एक दिन में मिलेगा न्याय!” — 9 मई को लगेगी नेशनल लोक अदालत, मौके पर सुलह से निपटेंगे हजारों मामले… - April 29, 2026
