सारंगढ़। जिले में धान खरीदी में गड़बड़ियों पर कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व विभाग, खाद्य विभाग, मार्कफेड एवं कृषि उपज मंडी के संयुक्त जांच दल ने 15 जनवरी 2026 को ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए जिले की दो राइस मिलों से कुल 5 करोड़ 18 लाख रुपये मूल्य का 15,734.50 क्विंटल धान एवं 661.50 क्विंटल चावल जप्त कर दोनों मिलों को सील कर दिया।
संयुक्त दल द्वारा विकासखंड सारंगढ़ स्थित जगदम्बा राइस मिल में औचक निरीक्षण किया गया, जहां निर्धारित मात्रा से 5,447.43 क्विंटल धान कम पाया गया। इस पर मौके पर उपलब्ध 13,683.20 क्विंटल धान एवं 661.50 क्विंटल चावल जप्त कर राइस मिल को सील किया गया। वहीं विकासखंड बरमकेला के श्रीश्याम उद्योग राइस मिल में निरीक्षण के दौरान 2,051.30 क्विंटल धान अधिक पाया गया, जिसे जप्त कर मिल को सील कर दिया गया। इस प्रकार कुल मिलाकर 5.18 करोड़ रुपये का धान व चावल जप्त किया गया।
धान खरीदी में लापरवाही बरतने पर धान उपार्जन केंद्र भेड़वन एवं सरसीवां के समिति प्रबंधकों का वित्तीय प्रभार समाप्त कर दिया गया है, जबकि कपरतुंगा धान उपार्जन केंद्र के प्रभारी समिति प्रबंधक को तत्काल प्रभाव से प्रभार से हटा दिया गया है।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि शासन के निर्देशानुसार कोचिया-बिचौलियों के धान पर सख्त रोक लगाते हुए रिसाईकलिंग पर पूर्ण अंकुश लगाया जा रहा है, ताकि जिले में केवल वास्तविक किसानों का ही धान खरीदा जाए। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आगे भी अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।


- एसपी के सख्त तेवर, थाना प्रभारी की दमदार कार्रवाई: सारंगढ़ में अवैध शराब माफिया पर बड़ा प्रहार… - May 1, 2026
- सारंगढ़ जिला चिकित्सालय में 1000 डायलिसिस सत्र सफल..मरीजों के लिए वरदान बनी नि:शुल्क सेवा.. - May 1, 2026
- “एक दिन में मिलेगा न्याय!” — 9 मई को लगेगी नेशनल लोक अदालत, मौके पर सुलह से निपटेंगे हजारों मामले… - April 29, 2026
