ओडिशा में बीजेपी की सरकार बन चुकी है। राज्य में बहुत लंबे अरसे के बाद नवीन पटनायक की पार्टी बीजद को विधानसभा में विपक्ष में बैठना पड़ा है। कभी बीजेपी के दोस्तों में गिने जाने वाले नवीन पटनायक अब विधानसभा में बीजेपी सरकार की कमियां उजागर करेंगे।
उन्होंने यही मैसेज अब अपने राज्यसभा सांसदों को भी दिया है।
बीजद प्रमुख नवीन पटनायक ने सोमवार को अपनी पार्टी के नौ राज्यसभा सांसदों के साथ मीटिंग की। इस मीटिंग में उन्होंने अपनी पार्टी के सांसदों से कहा कि वे 27 जून से शुरू हो रहे राज्यसभा के सत्र में एक मजबूत विपक्ष बनकर उभरें। उन्होंने अपने सांसदों से ओडिशा के हित से जुड़े मुद्दों को सही तरीके से उठाने के लिए कहा।
मीटिंग के बाद मीडिया से बात करते हुए राज्यसभा में पार्टी के नेता सस्मित पात्रा ने कहा कि बीजद के नेता इस बार सिर्फ मुद्दे ही नहीं उठाएंगे बल्कि अगर बीजेपी सरकार द्वारा ओडिशा के हितों को नजरअंदाज किया गया तो वो आक्रामकता भी अपनाएंगे। उन्होंने कहा कि बीजद सांसद राज्य के लिए स्पेशल स्टेटस के अलावा खराब मोबाइल कनेक्टिविटी और बैंक की शाखाओं की कमी से जुड़ा मुद्दा भी उठाएंगे।
सस्मित पात्रा ने कहा कि पिछले दस सालों से ओडिशा द्वारा की जा रही कोल रॉयल्टी (coal royalty) की डिमांड को सरकार द्वारा इग्नोर किया जा रहा है। इससे राज्य के लोगों को भारी नुकसान हो रहा है और वे अपने हक के हिस्से से वंचित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि नवीन पटनायक ने सभी बीजद सांसदों को यह साफ निर्देश दिए हैं कि वो संसद में राज्य के लोगों के हक की लड़ाई लड़ें।
जब उनसे पूछा गया कि क्या बीजद पहले की तरह बीजेपी को मुद्दों पर आधारित समर्थन देगी तो उन्होंने कहा, “बीजेपी को अब कोई सपोर्ट नहीं। सिर्फ विरोध। हम ओडिशा के हितों की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं।” उन्होंने बताया कि बीजेपी को समर्थन करने का कोई सवाल ही नहीं। बीजद चीफ ने हमें मजबूत विपक्ष के रूप में काम करने के लिए कहा है।
मुद्दों पर बीजेपी का सपोर्ट करती रही बीजद
आपको बता दें कि राज्यसभा में बीजद के नौ सांसद हैं और वो पहली बार लोकसभा में एक भी सीट जीतने में सफल नहीं हो पाई है। मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद बीजद ने न सिर्फ विभिन्न मुद्दों पर संसद में बीजेपी का समर्थन किया है बल्कि रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव को साल 2019 और साल 2024 में राज्यसभा पहुंचने में मदद की थी।
बीजद के सीनियर नेताओं के साथ मीटिंग में नवीन पटनायक ने कहा कि आप सभी जानते हैं कि बीजेपी को ओडिशा विधानसभा में बहुमत से सिर्फ चार सीटें ज्यादा मिली हैं। केंद्र में भी उसे पूर्ण बहुमत नहीं मिला है। इसलिए आप सभी एकजुट रहें और पार्टी को मजबूत करें।
- नियमितीकरण की मांग पर गरजीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाएं, सौंपा ज्ञापन… - October 27, 2026
- अवैध खनिज परिवहन पर प्रशासन का शिकंजा, 5 वाहन पकड़े… - October 27, 2026
- बैकयार्ड कुक्कुट योजना से बढ़ेगी ग्रामीणों की आय, 150 इकाइयों का वितरण… - October 27, 2026
