हनीट्रैप के एक मामले में फरीदाबाद पुलिस ने ब्लैकमेल कर 50 हजार रुपये लेते हुए एक महिला को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला अब तक पीड़ित से 5 लाख 35 हजार रुपये वसूल चुकी है।

अब वह उससे और साढ़े तीन लाख रुपये की मांग कर रही थी। पुलिस ने आरोपी महिला को अदालत में पेश कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
सेक्टर-8 थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति की शिकायत पर अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने शुक्रवार देर शाम करीब 8 बजे एस्कॉर्ट मुजेसर स्टेशन के पास से हनीट्रैप के मामले में एक महिला को दबोचा। पकड़ी गई महिला शिकायतकर्ता को ब्लैकमेल कर 3.50 लाख रुपये की मांग कर रही थी। इससे पहले वह पांच लाख से अधिक वसूल कर चुकी है।
पीड़ित व्यक्ति ने बताया कि वह पिछले 10 साल से एक जूते-चप्पल के शो रूम पर काम करता है। कंपनी ने दिल्ली में एक और शोरूम खोला था। जहां पर एक महिला सफाई कर्मचारी थी। दिल्ली का शोरूम बाद में बंद हो गया और उसके बाद वह वापस फरीदाबाद में काम करने लगा। जनवरी 2019 में उसके मोबाइल पर एक महिला का फोन आया, उसने अपना नाम आबिदा (बदला हुआ नाम) बताया। उसने बताया कि उसे उनका नंबर सफाई कर्मचारी महिला ने दिया था। इसके बाद उसकी उक्त महिला से बात होने लगी।
बलात्कार के झूठे केस में फंसाने की देती थी धमकी
पीड़ित ने बताया एक दिन उस महिला ने उससे मिलने की इच्छा जाहिर की और जरूरी काम के चलते वह उसे फरीदाबाद के एस्कार्ट मुजेसर स्टेशन पर मिली। उसके बाद वह उसे बात करने के बहाने एक होटल में ले गई, जहां उसने उसके साथ अवैध संबंध बनाने की कोशिश की। उसने महिला को इनकार कर दिया। इसके बाद उसने शोर मचाने और पुलिस को बुलाने की धमकी दी। उसने उसकी बात नहीं मानी। पीड़ित का आरोप है कि उसके बाद उक्त महिला ने बलात्कार के झूठे केस में फंसाने की धमकी देते हुए उससे विभिन्न तरीके से 5 लाख 35 हजार रुपये वसूल लिए और वह और पैसे की मांग कर रही थी। परेशान होकर उसने पुलिस कमिश्नर को इसकी शिकायत दी। इसके बाद आरोपी महिला को काबू किया गया है।
- कुपोषण पर कलेक्टर सख्त, 2855 बच्चों का HPV टीकाकरण जल्द कराने के निर्देश… - September 25, 2026
- सरसीवां में गूंजा ‘वंदे मातरम्’, नमामि भारतम् में दिखी राष्ट्रभक्ति… - September 25, 2026
- प्लास्टिक मुक्त सारंगढ़ की मुहिम तेज, बारिश में भी सड़क पर उतरी नपा की टीम… - September 25, 2026
