मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना

नारनौल। मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना के लाभार्थियों को इस योजना का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण करवाना जरूरी है।
प्रदेश सरकार ने इसके लिए बहुत ही आसान व्यवस्था की है। योजना का फायदा उठाने के लिए लाभपात्र को सरल पोर्टल पर पंजीकरण करवाना जरूरी है। यह पंजीकरण शादी के छह महीने के अंदर करवाना जरूरी है।
योजना के बारे में जानकारी देते हुए उपायुक्त डा. जयकृष्ण आभीर ने बताया कि जो परिवार मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना का लाभ लेना चाहते हैं वे अपनी बेटी की शादी के छह महीने पूरे होने से पहले ऑनलाइन पंजीकरण करवा दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पंजीकरण होने के बाद ही विवाहित कन्या के माता-पिता को मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना का लाभ दिया जाएगा। पंजीकरण करवाने के लिए लाभार्थी खुद सरल पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा किसी भी अंत्योदय सरल केंद्र पर जाकर आवेदन किया जा सकता है। वहीं कॉमन सेंटर सर्विस पर जाकर भी आवेदन किया जा सकता है। डीसी ने बताया कि अनुसूचित एवं विमुक्त जाति के परिवार का नाम बीपीएल सूची में है तो उन्हें मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना के तहत 71 हजार रुपये का लाभ दिया जाएगा। सभी वर्गों की विधवा महिलाएं, बेसहारा महिला, अनाथ बच्चे अगर बीपीएल सूची में है या उनकी आय एक लाख 80 हजार रुपये से कम हैं, तो उनको इस योजना में 51 हजार रुपये का अनुदान दिया जाएगा। बीपीएल सूची में सामान्य या पिछड़े वर्ग के परिवार को 31 हजार रुपये का लाभ दिया जाएगा।
इसी तरह अनुसूचित वर्ग या विमुक्त जाति का परिवार बीपीएल सूची में नहीं है और जिनकी वार्षिक आय एक लाख 80 हजार रुपये से कम है, उनको 31 हजार रुपये का अनुदान दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि विवाहित युगल अगर 40 प्रतिशत या इससे ज्यादा दिव्यांग है तो उन्हें 51 हजार रुपये व पति-पत्नी में से एक 40 प्रतिशत या इससे अधिक दिव्यांग है तो उसको 31 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले में इस वित्त वर्ष में 603 पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ दिया जा चुका है। इन लाभपात्रों को सरकार की ओर से तीन करोड़ 76 हजार रुपये दिए जा चुके हैं। योजना से जुड़ी जानकारी के लिए जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि इस योजना के लिए अंत्योदय केंद्र पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करवा सकते हैं।
- सारंगढ़:हेपेटाइटिस से बचाव का मंत्र: समय पर जांच और टीकाकरण… - July 31, 2026
- 31 जुलाई तक करें आवेदन, कृषक रत्न बनने का सुनहरा मौका… - July 31, 2026
- सारंगढ़:14 छात्राओं को मिली निःशुल्क साइकिल, खुशी से खिले चेहरे… - July 31, 2026




