साली के साथ मिलकर पति ने ही अपनी पत्नी को जान से मारने की कोशिश करते हुए गोली मारी थी। जीजा और साली के अवैध संबंध थे, दोनों शादी करना चाहते थे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त तमंचा और घर से चुराई गई नकदी एवं आभूषण भी बरामद किए गए हैं। उधर, गोली लगने से घायल महिला का मेरठ में उपचार चल रहा है।

क्षेत्र के गांव जेबड़ा की रहने वाली अंजू की शादी बछरायूं थाना क्षेत्र के गांव तोमड़ा निवासी गुड्डू के साथ हुई थी। अंजू की शादी के बाद तीन बच्चे भी हुए। करीब आठ दिन पहले अंजू अपने मायके में आई थी।
बृहस्पतिवार की मध्यरात्रि में अंजू अपनी मां माला देवी व बहन निशा के साथ अलग-अलग चारपाई पर सो रही थी। आरोप है कि मध्यरात्रि में अंजू का पति गुड्डू वहां पहुंचा और पत्नी को गोली मारकर फरार हो गया था। गोली अंजू के चेहरे पर लगी थी।
साली निशा के साथ शादी करना चाहता था जीजा
पुलिस ने घायल युवती की मां की तहरीर पर हत्या के प्रयास में उसके दामाद गुड्डू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर की थी। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि साली के साथ मिलकर गुड्डू ने ही अपनी पत्नी अंजू को गोली मारी थी। आरोपी गुड्डू को गांव गंगवार के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह साली निशा के साथ शादी करना चाहता था। निशा भी यही चाहती थी।
पत्नी को रास्ते से हटाने के लिए उसे जान से मारने की नीयत से गोली मारी गई थी लेकिन गोली गलत जगह पर लग गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद कर लिया।
लूट की घटना बनाने की रची थी साजिश
गांव जेबड़ा में सोते समय पत्नी को गोली मारने के प्रकरण को लूट की घटना साबित करने की कहानी जीजा साली ने बनाई थी। रहरा थाना प्रभारी के मुताबिक कई दिन पहले ही गुड्डू नींद की गोली लेकर जेबड़ा पहुंचाकर आया था। घटना की रात को खाने में नींद की गोली मिलाकर परिवार के अन्य सदस्यों को निशा ने दी थी जिससे कि वह गहरी नींद में सो जाएं।
बृहस्पतिवार की रात को गुड्डू अपनी ससुराल पहुंच गया। गोली मारने से पहले निशा ने घर में रखे रुपये व जेवर निकालकर गुड्डू को दे दिए। इसके बाद गुड्डू पत्नी को गोली मारकर भाग गया। लेकिन अंधेरा होने व हड़बड़ाहट में गोली अंजु को सही जगह नहीं लग पाई। योजना यह थी कि जब घर वाले उठें तो निशा यही बताएगी कि घर में चोर घुसे थे। हम दोंनो बहनों ने विरोध किया तो चोर अंजु को गोली मारकर भाग गए।
- सारंगढ़:पैंगोलिन मौत का सनसनीखेज खुलासा, वन विभाग ने आरोपी को भेजा जेल.. - September 15, 2026
- सारंगढ़:आरक्षण के कथित उल्लंघन पर सतनामी समाज का प्रदर्शन कल, कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर सौंपेंगे राज्यपाल के नाम ज्ञापन… - September 15, 2026
- सारंगढ़:गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजा झरियापारा, सिद्धि विनायक मंदिर में हुई प्राण प्रतिष्ठा.. - September 15, 2026
