कोरोना में अपने माता-पिता को खो चुके हर एक बच्चे को मिलेगी महतारी दुलार योजना का लाभ-कलेक्टर भीम सिंह
जगन्नाथ बैरागी
रायगढ़, कोरोना से अपने माता-पिता को खो चुके बच्चों को महतारी-दुलार योजना अंतर्गत निजी और अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में भर्ती कराना है। जिले के हर एक ऐसे हितग्राही को शिक्षा के साथ छात्रवृत्ति का लाभ मिले यह सुनिश्चित करना शिक्षा विभाग के प्राथमिकता में होनी चाहिए। उक्त बातें कलेक्टर श्री भीम सिंह ने समय-सीमा की बैठक में कही।
कलेक्टर श्री सिंह ने जिले में कोरोना के कारण अपने माता-पिता को खोने वाले ऐसे बच्चों को चिन्हांकित करते हुये निजी व आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में एडमिशन कराने के साथ उन्हें हर महीने मिलने वाले छात्रवृत्ति की भी व्यवस्था करने के निर्देश शिक्षा विभाग के अधिकारियों को दिए। इसके बाद कलेक्टर श्री सिंह ने 26 जून को जिले में हुए महा टीकाकरण अभियान की सफलता पर चर्चा की। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि सभी अधिकारियों व कर्मचारियों के सहयोग से ही यह अभियान सफल हुआ, जिसमें 75 हजार टीका के लक्ष्य के विरुद्ध 1 लाख 43 हजार 554 टीका एक ही दिन में लगाया गया। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि अभी यहीं पर नहीं रूकना है। टीकाकरण लगातार चलेगा और सभी ग्राम पंचायत और जिले के अरबन बॉड्जि को शत-प्रतिशत टीकाकरण करना है अंतिम लक्ष्य है, जिसे भी सभी के सहयोग से जल्द पूरा किया जाएगा। कलेक्टर श्री सिंह ने लाकडाउन खत्म होने पर जिले के सभी तहसीलदारों को कोर्ट शुरू करने और राजस्व प्रकरणों की सुनवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान सभी तहसीलदारों को 2 साल पुराने मामलों को प्राथमिकता से निबटाने के निर्देश दिए। इसके बाद जिले की गोठान की स्थिति पर कलेक्टर श्री सिंह ने चर्चा की। उन्होंने कहा कि गोठान और चारागाह के लिए चिन्हांकित भूमि पर से कब्जा हटाने का काम सभी एसडीएम और तहसीलदार प्रमुखता से करें। इस दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने जिले में संचालित सभी गोठानों में आने वाले मवेशियों के लिए हरा चारा की व्यवस्था के लिए चारागाह स्थापित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि आने वाले एक माह के अंदर सभी गोठानों के समीप चारागाह स्थापित करने के साथ इसमें हरा चारा नेपियर उगाने की कार्य पूर्ण करें। बीते वर्ष की तुलना में इस वर्ष चारा उगाने के लक्ष्य को बढ़ाने के निर्देश वेटनरी विभाग के अधिकारियों को दिए गए।
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि हर माह गोठान समितियों की बैठक करने और उसमें आय-व्यय की संपूर्ण चर्चा करने की बात कही। जिले के ऐसे गोठान समिति जो कार्य अच्छे से नहीं कर रहे हैं उन्हें चिन्हांकित करने के साथ बदलने के प्रस्ताव देने के निर्देश कलेक्टर श्री सिंह ने दिए। जिले के ऐसे गोठान जहां गडढ़े होने, बरसात में पानी भरने और कीचड़ होने की बात सामने आती है। ऐसे गोठानों के गड्ढ़ों को भरकर समतल करने और बरसात में कीचड़ न हो इसकी व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। इसी तरह सभी गोठानों में सुपर कंपोस्ट बनाने की स्थिति की जानकारी ली गई। उन्होंने सुपर कम्पोस्ट के लिये गौठानों में अस्थायी शेड बनाने के निर्देश दिये। कलेक्टर श्री सिंह ने अस्थाई शेड निर्माण के लिए गोठान समितियों को बांस व बल्ली उपलब्ध कराने डीएफओ को निर्देशित किया। इसी तरह बरसात को ध्यान में रखते हुए जिले के बाढ़ क्षेत्रों का चिन्हांकन करने के निर्देश सभी एसडीएम व तहसीददार को दिए। उन्होंने आपदा एवं प्रबंधन के अंतर्गत बाढ़ से निबटने संसाधन जुटाने के साथ बाढ़ पीडि़तों को रखने सहित वृहद कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि बरसात में जलजनित रोग फैलने की बातें सामने आती है। इसे ध्यान में रखते हुए सभी गांव के मितानिन को पानी शुद्धिकरण के लिए जागरूकता लाने क्लोरिन टेबलेट बंटवाने के साथ डायरिया आदि के इलाज कीट की व्यवस्था करने के निर्देश सीएमएचओ डॉ.एस.एन.केशरी को दिए। बैठक में एडीएम श्री राजेन्द्र कटारा, निगम आयुक्त श्री एस.जयवर्धन, जिला पंचायत सीईओ डॉ.रवि मित्तल सहित सभी विभाग प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।
- कैसे बनाएं पपीता भक्खा, भूल जाएंगे नूडल्स/पास्ता का स्वाद, टेस्ट में लाजवाब, नोट कर लीजिए रेसिपी… - March 7, 2026
- कुत्ता काटने के कितने घंटे के भीतर इंजेक्शन लगवाना है जरूरी? लापरवाही पड़ सकती है भारी, जानें एक्सपर्ट की राय… - March 7, 2026
- छत्तीसगढ़:स्कूल में ताला, बाहर धूप में बैठे रहे बच्चे : लापरवाही पर शिक्षा विभाग सख्त, 6 शिक्षकों को DEO ने भेजा कारण बताओ नोटिस… - March 7, 2026
